अनुकम्पा नियुक्ति में अनियमितता पर सहायक ग्रेड-2 बर्खास्त कलेक्टर पवन जैन ने सेवा से पृथक करने का दिया आदेश

अनुकम्पा नियुक्ति में अनियमितता पर सहायक ग्रेड-2 बर्खास्त कलेक्टर पवन जैन ने सेवा से पृथक करने का दिया आदेश
कलेक्टर पवन जैन ने शासकीय सेवा में पारदर्शिता और अनुशासन को मजबूत करते हुए बड़ा फैसला लिया है। सहायक ग्रेड-2 दिनेश बाबू शर्मा को अनुकम्पा नियुक्ति में गंभीर अनियमितता का दोषी पाते हुए सेवा से पृथक करने का आदेश जारी किया गया है।
*चारों आरोप सिद्ध*
विभागीय जांच में दिनेश शर्मा के विरुद्ध आरोप क्रमांक 1 से 4 तक सिद्ध पाए गए। जांच के अनुसार, श्री राजेश अतरौलिया, सहायक ग्रेड-3 की अनुकम्पा नियुक्ति का प्रकरण शासन के नियमों और निर्देशों के विपरीत प्रस्तुत किया गया। लोक निर्माण विभाग में पद उपलब्ध न होने का प्रमाण पत्र प्रकरण में संलग्न नहीं था। प्रमुख राजस्व आयुक्त से आवश्यक अनुमोदन भी नहीं लिया गया। इसके अलावा, नियुक्ति से संबंधित मूल नोटशीट प्रकरण से गायब मिली, जिससे पूरी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर प्रश्नचिह्न लग गया।
*जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई*
संयुक्त कलेक्टर अंकुर गुप्ता द्वारा 25 अप्रैल 2025 को जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। रिपोर्ट में अभिलेखीय और मौखिक साक्ष्यों के आधार पर चारों आरोप सिद्ध पाए गए। कलेक्टर पवन जैन ने 16 नवंबर 2026 को कर्मचारी को व्यक्तिगत सुनवाई का अवसर भी प्रदान किया। सभी तथ्यों और अभिलेखों का गहन परीक्षण करने के बाद यह निष्कर्ष निकला कि कर्मचारी ने कर्तव्य का दुरुपयोग, लापरवाही और शासकीय दायित्वों के निर्वहन में जानबूझकर अनियमितता की।
*नियमानुसार दण्ड*
मध्य प्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम, 1966 के नियम 10 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का उपयोग करते हुए दिनेश बाबू शर्मा, सहायक ग्रेड-2, तहसील कार्यालय मेहगांव, जिला भिण्ड को सेवा से पृथक किया गया है। देय वेतन और भत्ते शासन हित में सोख्त किए गए हैं। आदेश के विरुद्ध सक्षम अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील का अधिकार सुरक्षित रखा गया है।




