अवैध शराब के खिलाफ भिण्ड में बड़ा एक्शन, कलेक्टर ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

अवैध शराब के खिलाफ भिण्ड में बड़ा एक्शन, कलेक्टर ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश
*भिण्ड में अवैध शराब पर सघन जांच, संवेदनशील मार्गों पर रात्रि गश्त*
*विशेष अभियान के तहत हाईवे से लेकर ग्रामीण इलाकों तक होगी दबिश*
*अवैध शराब बेचने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश*
*मुखबिर की पहचान रहेगी पूरी तरह गोपनीय, लापरवाह अफसरों पर होगी सीधी कार्रवाई*
भिंड कलेक्टर पवन जैन ने आबकारी आयुक्त मध्यप्रदेश द्वारा प्रसारित निर्देशानुसार भिण्ड जिले की सीमा में अवैध एवं कच्ची मदिरा के निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय पर प्रभावी रोक एवं नियंत्रण स्थापित किये जाने हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान संचालित किये जाने हेतु आबकारी उपनिरीक्षक वृत्त भिण्ड क्र.-1, 2, मेहगांव, गोहद एवं लहार को निर्देशित किया है कि अवैध मदिरा के विनिर्माण, संग्रहण, विक्रय एवं अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण हेतु विशेष प्रवर्तन अभियान (Special Drive) संचालित किया जाए। भिण्ड जिलें में मदिरा दुकान विहीन क्षेत्रों का चिन्हांकन कर उनमें सघन एवं सतत जांच अभियान का संचालन किया जाए। पैकारी, एजेंट, डायरी अथवा अन्य किसी भी प्रणाली से संचालित अवैध विक्रय को कठोरता से समाप्त कर संलिप्त व्यक्तियों के विरूद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 की सुसंगत धाराओं के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जाये।
अनुज्ञप्तिधारी की संलिप्तता पाई जाने पर अनुज्ञप्ति की शर्तों के उल्लंघन हेतु अधिनियम एवं नियमों के अंतर्गत अनुज्ञप्ति निलंबन/निरस्तीकरण सहित कठोर कार्यवाही की जाये। अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय से संबंधित ऐसे क्षेत्र जहां पर मदिरा का अवैध रूप से निर्माण और विक्रय किये जाने की हिस्ट्री रही है या जहां पर अत्यंत गरीब वर्ग के व्यक्तियों के निवासरत होने के कारण सस्ती और अवैध मदिरा का विक्रय संभावित है या जिनकी दूरी लायसेंसी मदिरा दुकान से बहुत अधिक होने के कारण कहां अवैध मदिरा का विक्रय संभावित है, में नियमित निगरानी और आकस्मिक दबिश दी जाये।
अधीनस्थ आबकारी अमले के साथ-साथ पुलिस विभाग का सहयोग प्राप्त कर संयुक्त प्रवर्तन कार्यवाही की जाये। पूर्व से चिन्हांकित संवेदनशील मार्गों, जिला सीमाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आकस्मिक वाहन जांच एवं रात्रिकालीन गश्त किये जायें। जिले से होकर गुजरने वाले मार्गों, जिनमें राष्ट्रीय/राज्य राजमार्ग एवं जिला मार्ग आदि सम्मिलित है, पर स्थित ढाबों की भी सघन और नियमित जांच की जाये। संदिग्ध/मिलावटी मदिरा पाये जाने पर तत्काल नमूने लेकर परीक्षण कराया जाए तथा जनस्वास्थ्य के लिये जोखिम वाले प्रकरणों की पृथक एवं विस्तृत रिपोर्ट तत्काल कार्यालय कलेक्टर (आबकारी) जिला भिण्ड को प्रेषित की जाए।
विश्वसनीय सूचना पर समयबद्ध कार्यवाही न करने अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित
अधिकारी/कर्मचारी का उत्तरदायित्व निर्धारित कर अनुशासनात्मक कार्यवाही की जायेगी। यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी स्थिति में अवैध मदिरा का निर्माण, संग्रहण, परिवहन एवं विक्रय न हो, ऐसी कोई गतिविधि पाए जाने पर दोषियों के विरूद्ध कठोरतम वैधानिक कार्यवाही की जाए।
*संवेदनशील क्षेत्रों का चिन्हांकन एवं सतत निगरानी*
भिण्ड जिलें में अवैध मदिरा के विनिर्माण, भंडारण, विक्रय एवं परिवहन की दृष्टि से संभावित स्थलों, पूर्व में चिन्हित स्थानों, संवेदनशील मार्गों तथा आबकारी अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की सूची अद्यतन की जाए। चिन्हित स्थानों एवं व्यक्तियों पर नियमित तथा आकस्मिक दोनों प्रकार की निगरानी रखी जाए।
*सूचना तंत्र को सक्रिय एवं प्रभावी बनाना*
प्राप्त गुप्त अथवा अन्य सूचनाओं का तत्काल परीक्षण एवं सत्यापन किया जाए। सूचना विश्वसनीय पाए जाने पर बिना अनावश्यक विलंब के मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 तथा लागू नियमों के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। सूचना के स्त्रोत/मुखबिर की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाए।
*दबिश, तलाशी एवं जप्ती की कार्यवाही*
अवैध मदिरा के निर्माण स्थलों, भट्टियों, भंडारण एवं विक्रय स्थलों तथा लाहन, स्प्रिट एवं अन्य कच्चे माल के संग्रहण वाले परिसरों पर विधि में प्रदत्त शक्तियों के अंतर्गत प्रभावी दबिश एवं तलाशी की कार्यवाही की जाए। तलाशी एवं जप्ती के दौरान निर्धारित वैधानिक प्रक्रिया का अनिवार्य रूप से पालन किया जाए तथा पंचनामा, जप्ती अभिलेख, नमूना एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज नियमानुसार तैयार किए जाएं।
*अवैध परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण*
संवेदनशील मार्गों, जिला सीमाओं एवं अन्य चिन्हित स्थानों पर आकस्मिक वाहन जांच की जाए। संदिग्ध वाहनों में अवैध मदिरा अथवा अन्य प्रतिबंधित/जब्ती योग्य सामग्री पाए जाने पर नियमानुसार तत्काल वैधानिक कार्यवाही की जाए। वाहन की जप्ती की स्थिति में वाहन का पंजीयन क्रमांक, चालक/स्वामी का विवरण तथा अन्य आवश्यक तथ्य अभिलेख में स्पष्ट रूप से दर्ज किए जाए।
*प्रकरण पंजीयन एवं साक्ष्य की गुधवत्ता*
अपराध पाए जाने पर मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 तथा लागू नियमों के अनुसार तत्काल प्रकरण पंजीबद्ध किया जाए तथा अपराध प्रकृति के अनुरूप संबंधित धाराओं का स्पष्ट उल्लेख किया जाए। केवल प्रकरणों की संख्या बढ़ाने के उद्देश्य से औपचारिक कार्यवाही न की जाए। प्रत्येक प्रकरण में साक्ष्य की गुणवत्ता तथा वैधानिक प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए।
*गिरफ्तारी एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा*
जहां विधि अंतर्गत गिरफ्तारी की शक्ति उपलब्ध हो तथा परिस्थितियों में गिरफ्तारी आवश्यक हो, वहां सक्षम अधिकारी द्वारा नियमानुसार कार्यवाही की जाए। फरार एवं वांछित आरोपियों की पृथक सूची तैयार कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं। पूर्व से लंबित आबकारी प्रकरणों, जप्ती/राजसात/अधिहरण/कार्यवाही तथा महत्वपूर्ण न्यायालयीन प्रकरणों की समीक्षा कर लंबित कार्यवाही को शीघ्र पूर्ण किया जाए।
*लायसेंसी परिसरों का निरीक्षण*
लायसेंसी परिसरों में अवैध मदिरा के विक्रय/भंडारण, अनुज्ञप्ति की शर्तों के उल्लंघन अथवा अन्य गंभीर अनियमितता की सूचना प्राप्त होने पर नियमानुसार निरीक्षण एवं वैधानिक कार्यवाही की जाए। गंभीर अनियमितताओं को किसी भी स्थिति में नजर अंदास न किया जाए।
*विशेष गश्त एवं समन्वित कार्यवाही*
संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकतानुसार रात्रिकालीन गश्त, आकस्मिक निरीक्षण एवं विशेष वाहन जांच बढ़ाई जाए। अंतर जिला एवं अंतर राज्यीय अवैध मदिरा परिवहन की संभावना वाले मार्गों पर संबंधित जिलों के मध्य आवश्यक समन्वय स्थापित किया जाए। आवश्यकता होने पर पुलिस विभाग के साथ संयुक्त प्रवर्तन कार्यवाही भी की जाए।
*गंभीर प्रकरणों की विशेष रिपोर्ट*
बड़े पैमाने पर अवैध मदिरा की बरामदगी, संगठित अवैध निर्माण/व्यवसाय, अंतर-जिला/अंतर राज्यीय परिवहन, बड़ी मात्रा में लाहन/स्प्रिंट की बरामदगी, संगठित अपराधियों की संलिप्तता अथवा जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर जोखिम वाले प्रकरणों में पृथक एवं विस्तृत रिपोर्ट तत्काल वरिष्ठ कार्यालय को प्रस्तुत की जाए।
*दैनिक प्रगति प्रतिवेदन*
विशेष अभियान के दौरान प्राप्त सूचनाओं, सत्यापित सूचनाओं, दविश, तलाशी, वाहन जांच, जप्ती, पंजीबद्ध प्रकरणों गिरफ्तारी/फरार/वांछित आरोपियों, न्यायालयीन कार्यवाही तथा जप्त मदिरा, लाहन एवं अन्य सामग्री का विवरण निर्धारित परिशिष्ट में प्रतिदिन अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
*जवाबदेही का निर्धारण*
विश्वसनीय सूचना पर समयबद्ध कार्यवाही न करने, गंभीर अनियमितता की उपेक्षा करने अथवा सौंपे गए दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी/कर्मचारी की जवाबदेही निर्धारित की जाए तथा नियमानुसार विभागीय कार्यवाही हेतु प्रस्ताव वरिष्ठ कार्यालय को प्रेषित किया जाए।
*व्यक्तिगत पर्यवेक्षण एवं उत्तरदायित्व*
जिला आबकारी अधिकारी भिण्ड, जिले में विशेष अभियान की व्यक्तिगत रूप से निगरानी एवं समीक्षा करें, अधीनस्थ अधिकारियों/कर्मचारियों को क्षेत्रवार दायित्व निर्धारित करते हुए प्रभावी एवं परिणाममूलक कार्यवाही सुनिश्चित् करेंगे। महत्वपूर्ण सूचना प्राप्त होने अथवा बड़े पैमाने पर अवैध मदिरा की बरामदगी होने पर तत्काल अवगत कराया जाए।
कलेक्टर पवन जैन ने निर्देशित किया है, कि उपरोक्त कार्यवाही का उद्देश्य केवल प्रकरणों की संख्या में वृद्धि करना न होकर अवैध मदिरा के स्त्रोत निर्माण, भंडारण, विक्रय एवं परिवहन की श्रृंखला पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा वास्तविक एवं प्रभावी प्रवर्तन सुनिश्चित करें।




