ABCD सर्वे के तहत् सभी आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर करें जांच – कलेक्टर।

ABCD सर्वे के तहत् सभी आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर करें जांच – कलेक्टर।
*जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक संपन्न*
कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में आयोजित की गई। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड, समस्त बीएमओ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि ABCD (एबीसीडी) सर्वे के तहत सभी आशा कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रत्येक व्यक्ति, महिला और बच्चों की जांच सुनिश्चित करें। ABCD (एबीसीडी) सर्वे के माध्यम से एनीमिया, डायबिटीज, उच्च रक्तचाप और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों का जल्द पता लगाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि यह सर्वे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में व्यापक रूप से चलाया जाए, ताकि जिले का कोई भी परिवार इससे वंचित न रहे। आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया कि वे डोर-टू-डोर विजिट में सैंपल कलेक्शन और स्क्रीनिंग पर पूरा ध्यान दें।
बैठक में टीवी उन्मूलन अभियान की समीक्षा प्रमुखता से की गई। कलेक्टर ने कहा कि इस अभियान में जन-भागीदारी सुनिश्चित की जाए। नि-क्षय मित्रों के माध्यम से टीवी मरीजों को फूड बास्केट का नियमित वितरण कराया जाए, जिससे मरीजों का उपचार और पोषण दोनों मजबूत हो। उन्होंने सभी बीएमओ को फील्ड विजिट करने के निर्देश दिए। बीएमओ स्वयं डॉक्टर्स और आशा कार्यकर्ताओं के कार्यों का सघन निरीक्षण करें, ताकि कोई लापरवाही न बरती जाए।
उन्होंने एचपीवी टीकाकरण की प्रगति की समीक्षा कर डॉक्टरों को निर्देशित किया कि स्कूलों के प्रारंभ होते ही ज्यादा से ज्यादा 14 से 15 वर्ष तक की बालिकाओं का टीकाकरण किया जाना सुनिश्चित करें। समीक्षा के दौरान सीएमएचओ भिण्ड ने बताया कि जिले में वर्तमान में 3 हजार 21 बालिकाओं का टीकाकरण किया जा चुका है।
बैठक में सर्वाइकल टीका अभियान, मातृ-शिशु स्वास्थ्य व अन्य योजनाओं पर भी चर्चा हुई।




