No Slide Found In Slider.
राज्य

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त से होगा प्रारंभ, प्रति शुक्रवार आमजन के बीच पहुंचेगा प्रशासन।

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान 7 अगस्त से होगा प्रारंभ, प्रति शुक्रवार आमजन के बीच पहुंचेगा प्रशासन।

*क्षेत्र भ्रमण, जन-संवाद और शिकायतों के त्वरित निराकरण पर रहेगा विशेष फोकस*

मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर भिण्ड द्वारा जिले में जनसंवाद शिविरों का रोस्टर जारी किया गया है। अभियान का आयोजन 07 अगस्त 2026 से 08 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार किया जाएगा। इन शिविरों के माध्यम से शासन-प्रशासन आमजन से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करेगा।

जारी रोस्टर के अनुसार प्रथम जनसंवाद शिविर 7 अगस्त को विकासखण्ड मेहगांव के गोरमी में आयोजित होगा, इसके बाद 14 अगस्त को विकासखण्ड गोहद के एण्डोरी में, 21 अगस्त को विकासखण्ड लहार के आलमपुर में तथा 28 अगस्त को विकासखण्ड गोहद के मौ में जनसंवाद शिविर आयोजित किए जाएंगे।

इन जनसंवाद शिविरों के दौरान संबंधित क्षेत्रों का भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की जाएगी तथा आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। जिला प्रशासन ने नागरिकों से निर्धारित तिथि एवं स्थान पर आयोजित जनसंवाद शिविरों में उपस्थित होकर शासन की योजनाओं का लाभ लेने तथा अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए सहभागिता करने की अपील की है।

अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई तथा लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा की जाएगी और शिकायतों का समय-सीमा में शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। विभागाध्यक्षों को भी अपने अधीनस्थ अधिकारियों को प्रत्येक शुक्रवार क्षेत्र भ्रमण कर विभागीय कार्यों की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए हैं।

राज्य शासन ने सभी विभागों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान के दौरान सादगी, संवेदनशीलता और जवाबदेही को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे आम नागरिकों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध हो सकें।

a

Related Articles

Back to top button