अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया पटाखा बाजार का निरीक्षण,आग से बचाव हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने दिए निर्देश

अपर कलेक्टर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया पटाखा बाजार का निरीक्षण,आग से बचाव हेतु सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रखने दिए निर्देश
दीपावली त्योहार के मद्देनजर अपर कलेक्टर राजन बी. नाडिया और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने मेला ग्राउंड भिण्ड में लगे पटाखा बाजार का निरीक्षण किया तथा वहां आग से बचाव, लाइसेंस, दुकान संचालन और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम भिण्ड महेन्द्र सौजन्या, नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने दुकानदारों को निर्देश दिए कि पटाखों की बिक्री केवल वैध लाइसेंस और प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही की जाए। दुकान के सामने आग से बचाव के उपकरण, पानी की व्यवस्था, बालू और अग्निशमन संबंधी तैयारियां अनिवार्य रूप से रखी जाएं। धूम्रपान, खुली लौ, बिजली के तारों या सुरक्षा मानकों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अपर कलेक्टर ने कहा कि त्योहार का उत्साह सुरक्षा के साथ मनाया जाना चाहिए। पटाखा विक्रेताओं को लाइसेंस की शर्तों का पालन करने और दुकान के आसपास भीड़ न लगने देने के निर्देश दिए गए। एक लाइसेंस पर किसी अन्य व्यक्ति से दुकान चलवाने या लाइसेंस का दुरुपयोग करने पर कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने कहा कि पुलिस त्योहार के दौरान नियमित निगरानी रखेगी। पटाखा बाजारों में भीड़ नियंत्रण और आपातकालीन प्रतिक्रिया के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि पटाखे खुले स्थान पर जलाएं, बच्चों की निगरानी रखें और आग से बचाव के निर्देशों का पालन करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी, ताकि त्योहार सकुशल और दुर्घटना मुक्त रहे।




