जन शिक्षण संस्थान के जन भागीदारी पखवाड़े का हुआ समापन

भिण्ड। कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा स्थापित जन शिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा जी-20 जनभागीदारी कार्यक्रमों का आयोजन संस्थान के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रों पर किया गया। जिसमें एक से 15 जून तक विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए गए। प्रथम दिन प्रभातफेरी कार्यक्रम, द्वितीय दिवस जन शिक्षण संस्थान भिण्ड के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रो पर कौशल प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि डॉ. देवेन्द्र सिंह चैहान ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर प्रतिभागियों का हौसला बढ़ाया एवं संचालित हो रहे कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रसंशा की। तृतीय दिवस जन भागीदारी कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थान के समस्त स्टाफ, प्रशिक्षक, प्रशिक्षिकाओं एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं द्वारा बाल्मीक आश्रम पर श्रमदान किया एवं शहर को स्वच्छ बनाने हेतु शहरी एवं ग्रामीण लोगों को जागरुक किया गया।
जनभागीदारी कार्यक्रम के तहत चतुर्थ दिवस के अंतर्गत साइकिल रैली कार्यक्रम का आयोजन अटेर रोड से संतोषी माता का मन्दिर होते हुए लश्कर रोड तक किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि समाजसेवी व पूर्व सरपंच रविन्द्र शर्मा उपस्थित रहे। पंचम दिवस पर ग्राम पंचायत मटघाना में पौधारोपण कार्यक्रम किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि पंचायत के सरपंच अनूप सिंह तथा सचिव श्याम सिंह उपस्थित रहे एवं पर्यावरण की महत्ता के बारे में समझाया। छठवे दिन रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि भारत सिंह जरिहा (क्रीड़ा अधिकारी) रहे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उत्तम रंगोली बनाने हेतु उनकी सराहना की। उन्होंने पुरस्कार हेतु चयनित रंगोली के प्रतिभागियों को स्वयं के द्वारा पुरस्कृत किए जाने की भी घोषणा की। सातवे दिन मैराथन रैली का आयोजन बीरेन्द्र बाटिका, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मीरा कॉलोनी, माधौगंज हाट, गौरी का किनारा, वनखण्डेश्वर मन्दिर होते हुए जन शिक्षण संस्थान के परिसर में आकर संपन्न हुई। आठवे दिन जन शिक्षण संस्थान भिण्ड में डिबेट प्रतियोगिता आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में समाजसेविका रेखा शर्मा उपस्थित रहीं एवं संस्थान द्वारा शहर में संचालित किए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। नौवे दिन उद्योग वक्ता द्वारा व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में गुरूकृपा उद्योगिक इकाई के राजेन्द्र प्रसाद शर्मा उपस्थित रहे। सफल उद्यमी राजेन्द्र प्रसाद शर्मा ने अपने अनुभवों व सफलता के बारे में विस्तार पूर्वक प्रशिक्षणार्थियो को जानकारी दी। दसवे दिन जन शिक्षण संस्थान भिण्ड में संस्थान द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्रों रामनगर, रेखा नगर, अटेर रोड, आर्यनगर, लश्कर रोड आदि पर निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया एवं प्रथम, द्वितीय, तृतीय स्थान प्राप्त प्रतिभागियों को पुरुस्कार देने की घोषणा की। इसी कड़ी में 11वे दिन सामुदायिक रैली का आयोजन किया गया। रैली रेखा नगर प्रशिक्षण केन्द्र से शुरू होकर शहर के मीरा कॉलोनी, लहार रोड, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, गौरी का किनारा होते हुए बीरेन्द्र बाटिका में आकर संपन्न हुई। जिसमें संस्थान से प्रशिक्षण प्राप्त एवं प्रशिक्षण ले रहे प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। 12वे दिन नारा लेखन प्रतियोगिता का आयोजन संस्थान के प्रशिक्षण केन्द्र गौरी का किनारा पर किया गया। जिसमें संस्थान के विभिन्न प्रशिक्षण केन्द्र अटेर रोड, लश्कर रोड, बीरेन्द्र बाटिका, रेखा नगर, रामनगर, दुर्गा नगर आदि के प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। 13वे दिन पतंजलि योग विद्या पीठ के योगाचार्य उपाध्याय द्वारा सभी उपस्थित प्रतिभागियों को योग व प्राणायाम करवाए गए एवं सभी आठ योगों की उपयोगिता विस्तार से बताते हुए उपाध्याय ने उनसे होने वाले लाभ बताए। 14वे दिन कहानी लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के समापन के अवसर पर 15वे दिवस शुक्रवार को आईटीआई भिण्ड के प्राचार्य योगेश शर्मा ने उपस्थित होकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई एवं संस्थान द्वारा आयोजित की गई विभिन्न खेल प्रतियोगिता को सराहा। जन शिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा संचालित किए जा रहे विभिन्न कोर्सों से प्रशिक्षण प्राप्त प्रतिभागियों को भविष्य में आगे बढऩे के गुर भी बताए। जन शिक्षण संस्थान भिण्ड द्वारा कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जी-20 जन भागीदारी पखवाड़े को उत्साह पूर्वक मनाया एवं 15 दिवस के पखवाड़े में संस्थान के कुल 1124 प्रतिभागियों ने भाग लिया।



