देश की एकता,अखंडता और भाईचारे को बचाने का हम सभी संकल्प लेते हैं : मानसिंह कुशवाहा।

देश की एकता,अखंडता और भाईचारे को बचाने का हम सभी संकल्प लेते हैं : मानसिंह कुशवाहा।
कांग्रेस जिला कार्यालय पर 78 वां स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान लगाने का भी लिया संकल्प।
भिण्ड/ जिला कांग्रेस कार्यालय बीटीआई रोड़ भिण्ड में 78 वां स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया, कांग्रेस जिला अध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा ने तिरंगा झंडा फहराया एवं राष्ट्रीय गान गाकर स्वतंत्रता दिवस के 78 सालों का उत्सव मनाते हुए जिला,प्रदेश और देशवासियों को शुभकामनाएं दीं ।
मान सिंह कुशवाहा ने मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष जीतू पटवारी का संदेश भी पढ़कर सुनाया । उन्होंने कहा कि आजादी के इस जश्न में हजारों लाखों स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की कुर्बानियां शामिल हैं। न जाने कितने लोग फांसी के फंदे पर झूल गए, कितने लोग गोलियों से भून दिए गए, कितने लोगों ने जेल काटी आजादी के संघर्ष की कहानी एक-एक हिंदुस्तानी के स्वाभिमान की कहानी है।
मान सिंह कुशवाहा ने कहा कि यह दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी,पंडित जवाहरलाल नेहरू,सरदार वल्लभभाई पटेल,मौलाना अबुल कलाम आजाद, नेताजी सुभाष चंद्रबोस,बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर,सरदार भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद,सुखदेव सिंह जैसे असंख्य महापुरुषों को याद करने का दिन है,जिनकी देशभक्ति और निरंतर संघर्ष की ताकत से एक साम्राज्यवादी ब्रिटिश सरकार को उखाड़ कर हम स्वतंत्र भारत की स्थापना कर सके ।
उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का दिन उन महान क्रांतिकारियों को याद करने का भी दिन है, जिन्होंने सुराज्य का बीज बोया महारानी लक्ष्मी बाई, वीरांगना झलकारी बाई, तात्या टोपे, बहादुर शाह जफर, मंगल पांडे, आदिवासी विद्रोह के बिरसा मुंडा, टंट्या मामा, रानी दुर्गावती, शंकरशाह, मधुकर शाह हमारी स्मृतियों में सदा ही नायक की तरह अमर रहेंगे।
उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के 78 साल कर्मठता, पुरुषार्थ और एक निष्ठ राष्ट्र निर्माण के 78 वर्ष हैं 1943 के भीषण दुर्भिक्ष से निकलकर जिसमें 30 लाख लोग भूख से मारे गए थे हमने एक समर्थ और सक्षम भारत का निर्माण किया है। अशिक्षा, गरीबी और भुखमरी से जूझकर देश को अन्न के मामले में आत्मनिर्भर बनाया है। चाहे बड़े-बड़े बांध हों, बिजली बनाने के कारखाने हों, कॉलेज या विश्वविद्यालय हों, आईआईटी, आईआईएम और एम्स जैसी संस्थाएं हों। चाहे भेल, गेल, भिलाई स्टील प्लांट, चितरंजन, जैसे कल कारखाने हों। जैसे एक चित्रकार चित्र बनाता है ऐसे ही भारत के निर्माण में पंडित जवाहरलाल नेहरू ने इन आधुनिक मंदिरों को बनाया। जिस देश में सुई भी नहीं बनती थी वही भारत आज चंद्रयान और मंगलयान भेज रहा है । यह वैज्ञानिकों, तकनीशियनों और नागरिकों के पुरुषार्थ का प्रतिफल है।
आज जब भारत की सबसे बड़ी समस्या महंगाई और बेरोजगारी है, तब सरकार ना तो महंगाई को नियंत्रित कर पा रही है। ना ही उनके पास बेरोजगारी दूर करने का कोई संकल्प है। 7 वर्ष में 70 परीक्षाएं लीक हुई हैं और लाखों बच्चों का भविष्य बर्बाद कर दिया गया है। 24 लाख बच्चे तो अकेले नीट परीक्षा से उत्पीड़ित हुए हैं एसएससी, अलग-अलग राज्यों की पीएससी, पटवारी परीक्षाएं, आरक्षकों की भर्ती जहां देखो एक भ्रष्टाचारी माफिया परीक्षाओं और देश के बच्चों के भविष्य पर हावी है। जब हमें दुनिया से आंख मिलाकर विश्व गुरु बनाने का सपना दिखाया जा रहा है तभी सपना दिखाने वाली व्यवस्था करोड़ों बच्चों के सपनों के साथ खेल रही है। दुनिया में रोजगार की रिपोर्ट बता रही है कि भारत में 83 प्रतिशत युवा बेरोजगारी से गुजर रहा है। यह परिस्थितियां एक पुरुषार्थी राष्ट्र के लिए अत्यंत लज्जा जनक हैं।
मान सिंह कुशवाहा ने सभी कांग्रेस जनों से कहा कि कांग्रेसियों के लिए यह गर्व का विषय है, कि हमारे नेताओं ने 60 साल तक देश की अथक सेवा की है। आईआईटी, आईआईएम, इंजीनियरिंग कॉलेज, मेडिकल कॉलेज और लाखों स्कूलें बनवाई हैं। केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों से निकले हुए बच्चों ने पूरी दुनिया में भारत का झंडा फहराया है। स्टील प्लांट, खाद कारखाने, कार, ट्रक, मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण के कारखाने, बांध, सड़क, अस्पतालों का जाल बिछाया। आज हमारे वैज्ञानिकों का ही पुरुषार्थ है कि पूरी दुनिया के सैटेलाइट जवाहर लाल नेहरू द्वारा बनवाये गए इसरो के लॉन्चिंग स्टेशनों से लांच किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि देश में जहां औसत आयु 40 साल की होती थी आज उसे 70 साल की औसत आयु तक ले जाया गया । कांग्रेस के कार्यकाल में देश को कई युद्धों की परिस्थितियों से गुजरना पड़ा। हमने चार युद्ध लड़े और आयरन लेडी इंदिरा गांधी के नेतृत्व में दुश्मन को दो फाड़ कर एक नए राष्ट्र का निर्माण किया। हमने उत्तर पूर्व की सीमाओं को सुरक्षित किया और सात बहनों के नाम से मशहूर उत्तर पूर्व में राज्यों का निर्माण किया। सिक्किम का भारत में विलय किया, भूटान के साथ संधि की, अरुणाचल को पूर्ण प्रदेश का दर्जा दिया। देश को एक बड़े भौगोलिक,सशक्त और समर्थ राष्ट्र के रूप में दुनिया में पहचान दिलाई आज देश का दुर्भाग्य की इस उत्तर पूर्व के राज्य मणिपुर में आग लगी हुई है महिलाओं की इज्जत तार-तार की जा रही है, हजारों लोग टेंटों में रहने के लिए विवश हैं। सैकड़ों परिवार अनाथ हुए हैं। हमारी सरकार आंखें मूंदे हुए यह सब देख रही है। उत्तरदायी लोग ना तो मणिपुर जा रहे हैं ना ही आग को बुझा रहे हैं। क्या हमने इसीलिए आजादी हासिल की थी।
मान सिंह कुशवाह ने कहा कि हमें खुशी है, कि हमारे नेता राहुल गांधी के प्रयासों से नफरत फैलाने वालों के मंसूबे हताश हुए हैं । मोहब्बत की दुकान का झंडा देशवासियों के दिल में लहरा रहा है। बहुमत को जनमत के दमन का औजार बनाने वाली ताकतों को 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता ने सबक सिखाया है। हम जनता के आभारी हैं कि उन्होंने बोट की ताकत से उन लोगों को जो सैकड़ो सांसदों को एक झटके में संसद से बाहर करने की अधिनायक वादी चाल चल रहे थे, को नियंत्रित कर संविधान की सीमाओं में रहने के लिये विवश कर दिया है। स्वेच्छाचारी अधिनायकवाद के नाखून उखड़ गये हैं।
मान सिंह कुशवाहा ने कहा कि आईए हम सब मिलकर देश की एकता अखंडता और भाईचारे को बचाने का संकल्प लें। नफरत को मोहब्बत के हथियार से भारत से भगायें। हाथ से हाथ मिलाकर इस अंधेरी सुरंग से बाहर निकलें जिसमें न्यस्त स्वार्थों ने देश को धकेल दिया है। विश्वास कीजिए जिस तरह गरीबों, मजलूमों, वंचितों ने संघर्ष करके देश को श्री गांधी के नेतृत्व में आजाद कराया था उसी तरह और उसी निडरता से हम देश के भाईचारे और अमन चैन को बचाएंगे। आजादी की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से कांग्रेस जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाहा,जिला संगठन मंत्री इरशाद अहमद,जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव,जिला मीडिया प्रभारी पंकज त्रिपाठी, आशुतोष शर्मा,श्यामू भदौरिया,जिला पूर्व प्रवक्ता अरविंद यादव,दीप चंद तिवारी एडवोकेट,चन्द्रभान सिंह राजावत,हरनारायण शर्मा एडवोकेट, कोषाध्यक्ष योगेश कुमार शाक्य,विवेक पचौरी,दर्शन सिंह तोमर,महिला मोर्चा अध्यक्ष रेखा भदौरिया, भागीरथ कुशवाहा,मनोज जैन मामा,एबरन सिंह बघेल,राजबीर बघेल,जितेंद्र वर्मा,डी के वर्मा,रामबरन कुशवाहा आदि लोग सम्लित हुए।