विकसित भारत का आधार बनेगी जी रामजी योजना – प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल।
विकसित भारत का आधार बनेगी जी रामजी योजना – प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल।
*VB-G RAM G’ न केवल रोजगार देगी, बल्कि कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा भी देगी*
*गांव को विकसित बनाना ही मोदी सरकार का महत्वपूर्ण लक्ष्य- कामना सिंह*
*गांव ही हमारी आत्मा है मिलजुल कर मजबूत बनाना ही सरकार का लक्ष्य -देवेंद्र सिंह नरवरिया*
*- विकसित भारत ग्रामीण-रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) का जिला स्तरीय सम्मेलन मेहगांव में संपन्न*
*जिले के प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने जिला स्तरीय सम्मेलन में ‘VB-G RAM G’ योजना के जनजागरण के लिए आयोजित कार्यक्रम में किसान एवं श्रमिक भाई-बहनों से संवाद किया*
पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण विधेयक 2025 के लोकसभा में पारित हुआ। यह विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम है। जो मनरेगा की जगह लेगा और ग्रामीण विकास को गति देगा, भ्रष्टाचार पर रोक लगाएगा। रोजगार के 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दिये गये हैं। आजीविका और परिसंपत्ति निर्णय के साथ ग्रामीण अर्थ व्यवस्था को मजबूत करेगा। इस योजना को लेकर प्रदेश के किसानों और जनता में गलत जानकारी फैल रही है, जबकि यह मनरेगा का उन्नत रूप है। लोग इसका सही लाभ समझे। यह योजना ग्रामीण विकास, रोजगार सृजन, जल संरक्षण व किसानों के कल्याण के लिए है। उक्त बात उन्होंने जिले के विधानसभा क्षेत्र मेहगांव के रामलीला मैदान में जी राम जी योजना को लेकर जिला स्तरीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।
जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने व्हीबी जी रामजी के जन जागरण अभियान पर चर्चा करते हुए कहा कि हम सबका कार्य है कि किसानों एवं कृषि श्रमिकों को सरल भाषा में मनरेगा की तुलना में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार आजीविका मिशन ग्रामीण विधयक से होने वाले लाभों की जानकारी गांव-गांव की चौपालों पर पहुंचाना है। ताकि लोगों में फैल रहे भ्रम को दूर किया जा सके। साथ ही प्रधानमंत्री की किसानों एवं श्रमिकों प्रति निरंतर प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करना तथा विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन को अन्य सुधारों के साथ विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ें, व्यापक ग्रामीण परिवर्तन के हिस्से के रूप में स्थापित करना है।
जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने ग्रामीण रोजगार की नई योजना ‘VB-G RAM G’ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत की दिशा में एक क्रांतिकारी कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का भरोसेमंद मॉडल बनेगी, जिसमें मजदूरों और किसानों को अपार लाभ मिलेगा। जिला स्तरीय सम्मेलन में आयोजित जनजागरण कार्यक्रम के दौरान पटेल ने किसानों व श्रमिक भाई-बहनों से सीधा संवाद किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह मात्र एक योजना नहीं, बल्कि करोड़ों ग्रामीण परिवारों के जीवन में स्थिरता, सम्मान और आत्मनिर्भरता का संकल्प है।
उन्होंने पुरानी मनरेगा योजना की कमियों का जिक्र करते हुए बताया कि पहले केवल 100 दिनों का सीमित रोजगार मिलता था। मजदूरी भुगतान में लंबी देरी होती थी, खेती के व्यस्त मौसम में किसानों को लाभ नहीं पहुंच पाता था। फर्जी जॉब कार्ड और गड़बड़ी आम थीं। लेकिन अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में ‘VB-G RAM G’ योजना ने इन कमियों को दूर कर दिया है। इसमें 125 दिनों की कानूनी रोजगार गारंटी दी गई है। मजदूरी का भुगतान हर सप्ताह किया जाएगा, जिससे श्रमिकों को तत्काल राहत मिलेगी। खेती के मौसम में 60 दिनों का ब्रेक सुनिश्चित किया गया है, ताकि किसान अपनी फसल की देखभाल कर सकें। इसके अलावा, बायोमेट्रिक सत्यापन और एआई आधारित निगरानी से पारदर्शिता बढ़ेगी। फर्जीवाड़ा खत्म हो जाएगा और हर पैसे का सही हिसाब होगा।
प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल ने कहा कि यह योजना ग्रामीण विकास की नई इबारत लिखेगी। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान का भी स्मरण किया, जिनकी योजनाओं ने ग्रामीण भारत को मजबूत आधार दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इन्हें आगे बढ़ाते हुए ग्राम पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाने का संकल्प लिया है। ‘VB-G RAM G’ से ग्राम पंचायतें आर्थिक रूप से सशक्त होंगी। गांवों में छोटे-छोटे कार्यों—(जैसे सड़क मरम्मत, तालाब सफाई, वृक्षारोपण) के सुधार की जिम्मेदारी पंचायतों पर है। उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि नियमित ग्राम सभा बुलाएं। पंचायत भवनों में बैठकर मुख्य जरूरतों पर चर्चा करें। विकास के बिंदुओं—जैसे पानी की व्यवस्था, स्वच्छता, बिजली पर गंभीरता से विचार-विमर्श करें। इससे गांव समृद्ध होंगे और पंचायतें आत्मनिर्भर बनेंगी।
प्रहलाद पटेल ने पीएम आवास योजना की सफलता का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में न केवल पहली सूची के सभी पात्र लाभार्थियों को पक्का घर मिल चुका है, बल्कि आवास प्लस की सूची में भी कोई वंचित नहीं बचा। हर जरूरतमंद के सर पर पीएम आवास की छत है। यह भारत की वैश्विक ताकत का प्रतीक है। दुनिया हमें सबसे मजबूत राष्ट्र के रूप में देख रही है। लेकिन यह सफलता सामूहिक प्रयासों का नतीजा है। अब हमारी जिम्मेदारी है कि पंचायतें मजबूत हों। अगर पंचायतें आत्मनिर्भर होंगी, तो मध्य प्रदेश आत्मनिर्भर बनेगा। इसके लिए कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन जरूरी है। पंचायतें विकास के केंद्र बिंदु हैं—यहीं से ग्रामीण क्रांति शुरू होगी।
इस अवसर पर प्रहलाद पटेल ने ग्रामीणों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ‘VB-G RAM G’ न केवल रोजगार देगी, बल्कि कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा भी देगी, ग्रामीण युवा इससे सशक्त होंगे। जिले में योजना का विस्तार तेजी से हो रहा है। सरकार द्वारा प्रशिक्षण शिविर लगाए जा रहे हैं। बायोमेट्रिक सिस्टम लागू हो चुका है, जिससे लाभार्थी आसानी से काम मांग सकेंगे। साप्ताहिक मजदूरी से आर्थिक स्थिरता आएगी। खेती ब्रेक से कृषि उत्पादन बढ़ेगा। कुल मिलाकर, यह योजना विकसित भारत का आधार बनेगी।
मंत्री प्रहलाद पटेल ने सम्मेलन में उपस्थित सभी से कहा कि प्रधानमंत्री का विजन ग्रामीण भारत को शहरी स्तर का बना देगा। मध्य प्रदेश सरकार इस दिशा में कटिबद्ध है। जिला प्रशासन योजना को प्रभावी बनाने के लिए सतत प्रयासरत है। अंत में, उन्होंने सबको कर्तव्यनिष्ठ रहने का संदेश दिया। इससे न केवल जिला, बल्कि पूरे राज्य का चेहरा बदलेगा। ग्रामीण रोजगार की यह नई क्रांति सफल होगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया ने ग्राम जी राम जी योजना की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सरकार ने इस योजना के माध्यम से गांवों को विकसित बनाने का महान सपना दिया है। यह योजना भारत को विकसित और समृद्ध राष्ट्र बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगी। कामना भदौरिया ने जोर देकर कहा कि ग्राम पंचायतें इस योजना का लाभ उठाकर निश्चित रूप से विकसित भारत की ओर अग्रसर होंगी। योजना के तहत गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विकास, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव होगा। उन्होंने ग्रामवासियों से अपील की कि वे सक्रिय भागीदारी करें। इस योजना से न केवल गांव सुंदर और समृद्ध होंगे, बल्कि पूरे देश का चेहरा बदल जाएगा। निश्चित ही, मोदी जी के विजन से भारत विश्व गुरु बनेगा।
भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया ने स्वागत भाषण में कहा कि गांव ही हमारी आत्मा है और मिलजुल कर इस योजना के माध्यम से मजबूत बनाना है। भारत कृषि प्रधान देश है यदि कृषि में नवाचार आता है तो हमारे गांव आत्मनिर्भर बनेंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री प्रहलाद पटेल द्वारा कन्या पूजन, मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर दीप प्रज्वलित करते हुए किया गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, पूर्व मंत्री ओपीएस भदौरिया, जिला पंचायत उपाध्यक्ष नंदराम सिंह बघेल, कलेक्टर भिण्ड एवं पुलिस अधीक्षक भिण्ड सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।




