सेवानिवृत्त हो जाने से शासकीय सेवा में बने रिश्ते न टूटते हैं न छूटते हैं – गंभीर तोमर।सहायक संचालक उद्यानिकी के पद से सेवा निवृत हुए गंभीर सिंह तोमर।

सेवानिवृत्त हो जाने से शासकीय सेवा में बने रिश्ते न टूटते हैं न छूटते हैं – गंभीर तोमर।सहायक संचालक उद्यानिकी के पद से सेवा निवृत हुए गंभीर सिंह तोमर।
सहायक संचालक उद्यानिकी भिण्ड गंभीर सिंह तोमर के सेवानिवृत्त होने पर एक सम्मान सह विदाई समारोह का आयोजन किया गया। मौके पर पुष्पमाला, अंगवस्त्र, कई प्रकार के उपहार देकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि सेवानिवृत्त उद्यानिकी अधिकारी गंभीर सिंह तोमर एक कर्मठ, मृदुभाषी व सरल व्यक्तित्व के धनी हैं। शासन-प्रशासन की योजनाओं का क्रियान्वयन तथा विभागीय कार्यों को प्राथमिकता से करने में सदैव तत्पर रहे। विदाई समारोह में उपस्थित सभी अधिकारियों ने सुखद और दीर्घायु जीवन के लिए अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यहां से आप मधुर स्मृतियां लेकर जाएं।
सहायक संचालक उद्यानिकी गंभीर सिंह तोमर ने कहा सेवा निवृत्त होना एक शासकीय प्रक्रिया है, जिससे प्रत्येक शासकीय सेवक को रूबरू होना पड़ता है। सेवानिवृत्त हो जाने से शासकीय सेवा में बने रिश्ते न टूटते हैं न छूटते हैं।
उन्होंने उपस्थित अधिकारियों/कर्मचारियों तथा मित्रों का आभार प्रकट किया।
सहायक संचालक उद्यानिकी गंभीर सिंह तोमर की 25 अक्टूबर 1986 से टेक्निकल असिस्टेंस के रूप में जिला धार से सेवा प्रारंभ हुई तथा 16 नवम्बर 1989 तक जिला धार में सेवा दी। वर्ष 1989 से वरिष्ठ उद्यानिकी विकास अधिकारी के पद पर जिला सागर में सेवा दी। इसके बाद मिनी पीएससी द्वारा जिला भिंड में 2 नवम्बर 2018 को सहायक संचालक उद्यानिकी के पद पर सेवा शुरू की तथा दिनांक 31 मार्च 2026 को सेवानिवृत्त हुए। कुल 39 वर्ष 5 माह तक उद्यानिकी विभाग में अपनी सेवाएं दीं।
सहायक संचालक उद्यानिकी गंभीर सिंह तोमर के जिला भिंड में कार्यकाल के दौरान विभाग संबंधी कोई सीएम हेल्पलाइन की शिकायत नहीं आई। साथ ही पीएमकेएसवाई और पीएमएफएमई योजना में जिला भिंड स्टेट रैंकिंग में टॉप-10 में रहा।
उपस्थित अधिकारी/कर्मचारियों ने गंभीर सिंह तोमर का माल्यार्पण कर भावभीनी विदाई दी।
इस अवसर पर गंभीर सिंह तोमर के परिवार के लोगों व मित्रों ने कार्यालय पहुंचकर घर वापसी को लेकर गाजे-बाजे के साथ स्वागत किया और सम्मान पूर्वक उन्हें घर तक पहुंचाया।




