सीईओ जिला पंचायत ने किया शिक्षा और ग्राम विकास पर सख्त एवं सकारात्मक निरीक्षण,अनुपस्थित शिक्षकों के वेतन में कटौती के निर्देश।

सीईओ जिला पंचायत ने किया शिक्षा और ग्राम विकास पर सख्त एवं सकारात्मक निरीक्षण,अनुपस्थित शिक्षकों के वेतन में कटौती के निर्देश।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड वीर सिंह चौहान ने आज प्रातः 10.35 बजे प्राथमिक विद्यालय मुकुट सिंह का निरीक्षण कर विद्यालय की व्यवस्था व शिक्षण-कर्मचारियों की उपस्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान प्रधानाध्यापक पंकज सोनी, माध्यमिक शिक्षक दिलीप सिसोदिया, तथा प्राथमिक शिक्षिका पूजा राजावत व ज्योति राजावत अनुपस्थित पाए गए, जिनके विरुद्ध नियमानुसार आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश संबंधित बीओ एवं बीआरसी को दिए गए। निरीक्षण में विद्यालय में उपलब्ध पुस्तकों का समुचित भंडारण देखा गया, इन पुस्तकों को शीघ्रता से संबन्धित शालाओं में वितरित करने के भी निर्देश जारी किए गए, जिससे बच्चों को शिक्षा सामग्री समय पर प्राप्त हो सकेगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने प्रातः 11.00 बजे हाई स्कूल बबेडी का भी निरीक्षण किया। वहां कुछ शिक्षकों की अनुपस्थिति और छात्रों की कम उपस्थिति देखी गई, जिसके मद्देनज़र अनुपस्थित माध्यमिक शिक्षक किरण शर्मा एवं विजय सिंह कुशवाह को आधे दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए तथा स्कूल प्रशासन को नियमित कक्षाएँ सुनिश्चित करने हेतु सख्त कदम उठाने को कहा गया। साथ ही परिसर की स्वच्छता और हरितरण के लिए दो दिनों में गड्ढे खोद कर वृक्षारोपण करने के निर्देश दिए गए, जिससे स्कूल परिसर बच्चों के लिए और अधिक सौंदर्यपूर्ण व स्वास्थ्यप्रद बन सकेगा।
बबेड़ी में स्थित गौशाला का भी निरीक्षण किया गया, जहां गौशाला संचालक को गांव में आवारा पशुओं को गौशाला में रखने, गायों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनकी उचित देखभाल हेतु विशेष निर्देश दिए गए।
जिला पंचायत सीईओ ने ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित ओपन जिम का भी दौरा कर निर्माण कार्य समय पर पूर्ण करने तथा परिसर में वृक्षारोपण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे ग्रामीणों के स्वास्थ्य व सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही प्राथमिक विद्यालय परा का निरीक्षण कर नल जल योजना पर ग्रामीणों से विचार-विमर्श किया गया ताकि पेयजल सुविधा में सुधार के साथ संरक्षण भी सुनिश्चित हो सके।




