किसान कल्याण योजनाओं और उन्नत तकनीक का लाभ उठाकर लाभकारी खेती करें – नवकरणीय ऊर्जा मंत्री।

किसान कल्याण योजनाओं और उन्नत तकनीक का लाभ उठाकर लाभकारी खेती करें – नवकरणीय ऊर्जा मंत्री।
ग्राम लाडमपुरा में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत कार्यशाला का हुआ आयोजन।
किसानों को आर्थिक उन्नति के लिए आधुनिक खेती की ओर आगे बढ़ना होगा। यह बात नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने आज ग्राम लाडमपुरा में विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत् कृषि विज्ञान केन्द्र एवं किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग के संयुक्त भागीदारी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान एसडीएम मेहगांव नवनीत शर्मा, कृषि विज्ञान केन्द्र लहार प्रमुख डॉ एस.पी. सिंह, एसएडीओ मेहगांव संजीव चतुर्वेदी, तकनीकि सहायक पंकज सविता, कृषक भाई एवं कृषक महिलाएं उपस्थित रहीं।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने संबोधित करते हुए कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए यह अभियान शुरू किया है। किसान विकसित होगा तो ही देश समृद्धशाली बनेगा। किसानों को आर्थिक उन्नति के लिए आधुनिक खेती की ओर आगे बढ़ना होगा। आधुनिक खेती के तरीके सीखने के लिए किसान भाई कृषि वैज्ञानिकों से सतत संपर्क में रहें। किसान वैज्ञानिकों के साथ संवाद करें और अन्य किसानों को भी इसकी जानकारी दें।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने किसानों से आवाह्न किया कि वैज्ञानिक के द्वारा अनुसंधान केंद्र किसान के द्वार पहुंच रहा है, उनसे संवाद कर उन्नत तकनीक का लाभ उठायें। किसान इस कार्यक्रम का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और समन्वित कृषि पद्धति अपनायें तथा प्राकृतिक खेती के लाभ को समझें और उसे अपनायें। उन्होंने कहा कि किसान कल्याण योजनाओं और उन्नत तकनीक का लाभ उठाकर लाभकारी खेती करें तथा मृदा का प्रशिक्षण आवश्यक करायें। किसान बंधु जागरूक बनें, सरकार की योजनाओं का फायदा लें और आर्थिक रूप से मजबूत हों।




