बालश्रम जिला टास्क फोर्स एवं बंधक श्रम जिला सतर्कता समिति की बैठक संपन्न।

बालश्रम जिला टास्क फोर्स एवं बंधक श्रम जिला सतर्कता समिति की बैठक संपन्न।
कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में बालश्रम जिला टास्क फोर्स एवं बंधक श्रम जिला सतर्कता समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई।
बैठक में कलेक्टर ने श्रम विभाग के अधिकारियों एवं टास्क फोर्स के सभी सदस्यों को निर्देशित किया कि जिले में बाल श्रमिकों की पहचान एवं विमुक्तिकरण हेतु प्रभावी प्रयास किए जाएं। साथ ही गैर खतरनाक कार्यों में किशोर श्रमिकों को नियोजित करने वाले संस्थानों को जागरूक करने के उद्देश्य से समय-समय पर जनजागरूकता अभियान संचालित किए जाएं।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मध्यप्रदेश श्रमिक हेल्पलाइन 1800-233-8888 तथा पेंसिल पोर्टल का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे बालश्रम एवं किशोर श्रमिकों के नियोजन संबंधी शिकायतें प्राप्त होने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
बंधक श्रमिकों की पहचान एवं विमुक्तिकरण के संबंध में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले में संचालित समस्त ईंट उद्योगों एवं कृषि फार्मों के निरीक्षण की कार्यवाही की जाए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए बंधक श्रम जैसी कुप्रथा के उन्मूलन हेतु प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
बैठक में यह भी निर्देशित किया गया कि पंचायत सचिवों एवं वार्ड प्रभारियों के माध्यम से अन्य राज्यों से जिले में आने वाले प्रवासी कर्मकारों का प्रवासी श्रमिक पोर्टल पर पंजीयन सुनिश्चित किया जाए, जिससे श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा सके तथा उनके अधिकारों का संरक्षण सुनिश्चित हो।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, अध्यक्ष बाल कल्याण समिति, धरती संस्था भिण्ड से जिला समन्वयक, श्रम निरीक्षक एवं श्रम उपनिरीक्षक उपस्थित रहे।




