सीईओ जिला पंचायत भिण्ड ने किया हायर सेकेंडरी स्कूल ऊमरी का निरीक्षण,कम उपस्थिति और अव्यवस्था पर दिखाई सख्ती।

सीईओ जिला पंचायत भिण्ड ने किया हायर सेकेंडरी स्कूल ऊमरी का निरीक्षण,कम उपस्थिति और अव्यवस्था पर दिखाई सख्ती।
*मध्याह्न भोजन में मीनू का पालन नहीं करने पर समूह को दिया नोटिस*
*अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी करने जिला शिक्षा अधिकारी को दिए निर्देश*
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत भिण्ड वीर सिंह चौहान आज हायर सेकेंडरी स्कूल ऊमरी का आकस्मिक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में उपस्थित बच्चों की घटती संख्या पर चिंता व्यक्त की और सभी शिक्षकों को अभिभावकों से संवाद बढ़ाकर तथा जीवंत शैक्षिक गतिविधियों के माध्यम से उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई और व्यवस्थित रखरखाव पर विशेष जोर दिया तथा संबंधित संस्था प्रमुख को तात्कालिक सफाई अभियान चलाकर जलभराव वाले स्थानों का भराव कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने बच्चों को जर्जर भवन में न बैठाने की सख्त हिदायत दी और आवश्यक सुधार कार्य त्वरित कराने का आश्वासन लिया। उन्होंने मध्याह्न भोजन का भी निरीक्षण कर पाया कि समूह द्वारा मीनू का पालन नहीं हो रहा है; संबंधित समूह को सुधार के लिए नोटिस जारी किया गया ताकि पौष्टिक और मानक भोजन सुनिश्चित हो सके। विद्यालय की प्रयोगशाला एवं शैक्षिक संसाधनों की व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही स्कूल परिसर में चल रहे आधार केन्द्र का संचालन देखा और जिन लोगों के आधार में संशोधन आवश्यक था, उन्हें शीघ्र सुधार हेतु निर्देशित किया गया। अनुपस्थित शिक्षकों के संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस जारी करने का आदेश भी दिया गया।
उन्होंने शांतिधाम की सीसी रोड का निर्माण स्थल का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




