स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित से वसूला जाए अतिक्रमण हटाने का खर्चा – कलेक्टर

स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाने पर संबंधित से वसूला जाए अतिक्रमण हटाने का खर्चा – कलेक्टर
*सभी सड़कों पर झाड़ियों से ढके साइड सोल्डर को आगामी बैठक से पूर्व साफ कराने दिए निर्देश*
*सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न*
कलेक्टर भिण्ड पवन जैन की अध्यक्षता में गत दिवस कलेक्ट्रेट सभागार में सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, डीएफओ वी.आर. सिरसाम, सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी नाडिया सहित अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का उद्देश्य कोहरे के मौसम से पूर्व सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दुर्घटनाओं को रोकना रहा।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम एवं सीएमओ को निर्देश दिए कि सड़क किनारे बने शादी घरों में आने वाली बारात सड़क पर न रहे, बल्कि सड़क किनारे पर रहें, ताकि आवागमन सुचारु रहे और किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे। आगामी मौसम में कोहरे की संभावना को देखते हुए सभी ब्लैक स्पॉट पर सिग्नल लाइट, रिफ्लेक्टर एवं साइड पट्टी की व्यवस्था शीघ्र कराई जाए। सभी सड़कों पर झाड़ियों से ढके साइड सोल्डर को आगामी बैठक से पूर्व साफ कराया जाए।
सड़कों पर घूम रहे मवेशियों को पकड़कर संबंधित गौशालाओं में भिजवाने के निर्देश दिए गए। निर्माण एजेंसियों को सात दिन में यह कार्य पूर्ण करने को कहा गया, जबकि सीईओ जिला पंचायत एवं सीईओ जनपद पंचायत आवश्यक स्थान उपलब्ध कराएंगे। शहर में लगाए गए स्थाई बैरियर को तोड़ने वालों से क्षति की वसूली की जाए।
सभी एसडीएम को पीएम राहत योजना के पात्र हितग्राहियों को तीन दिन में बुलाकर संबंधित कार्यवाही पूर्ण कराने को कहा गया। सीएमओ को अतिक्रमण हटाने हेतु घोषणा करने और स्वेच्छा से हटाने का अवसर देने के निर्देश दिए गए। अन्यथा कि स्थिति में संबंधित दुकानदारों से अतिक्रमण हटाने का खर्चा वसूला जाए। साथ ही पीली हैलोजन लाइटें हटाकर मुख्य चौराहों पर स्ट्रीट लाइट लगाने निर्देशित किया।




