नशे से दूर रहें युवा, एक खेल को बनाएं दिनचर्या का हिस्सा – कलेक्टर पवन जैन। युवा तय करेंगे देश की दिशा: प्रतिभा निखारने के लिए प्रशासन के सहयोग से मार्गदर्शन की व्यवस्था करेंगे – एसपी सूरज वर्मा

नशे से दूर रहें युवा, एक खेल को बनाएं दिनचर्या का हिस्सा – कलेक्टर पवन जैन। युवा तय करेंगे देश की दिशा: प्रतिभा निखारने के लिए प्रशासन के सहयोग से मार्गदर्शन की व्यवस्था करेंगे – एसपी सूरज वर्मा
*जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का हुआ आयोजन*
कलेक्टर पवन जैन के मुख्य आतिथ्य तथा पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा के विशिष्ट आतिथ्य में युवाओं की प्रतिभा को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन महावीर मांगलिक भवन अटेर रोड़ भिण्ड में किया गया। इस दौरान एसडीओपी रविन्द्र वास्कले, सिटी कोतवाली थाना प्रभारी अनीता गुर्जर, खेल विभाग अधिकारी अजीम खान सहित अन्य अधिकारी, गणमान्य नागरिक, छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।जिले के विभिन्न विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता करते हुए 05 विधाओं में अपनी कला, संस्कृति एवं प्रतिभा का उत्साहपूर्वक प्रदर्शन किया।कलेक्टर पवन जैन ने युवा उत्सव के शुभारंभ अवसर पर युवाओं से नशामुक्त, स्वस्थ और स्वच्छ समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्सव की सार्थकता तभी है, जब युवा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझें और सकारात्मक बदलाव की शुरुआत खुद से करें।कलेक्टर ने कहा कि जीवन में जो भी काम करें, पूरी निष्ठा और लगन से करें। मेहनत का कोई विकल्प नहीं है। ईमानदारी से सही दिशा में किया गया प्रयास अच्छे परिणाम देता है। समाज ने हमें बहुत कुछ दिया है, अब अपने प्रयासों से समाज को लौटाने का संकल्प लेना चाहिए।उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे न स्वयं नशा करें और न दूसरों को करने दें। नशे को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ भी आगे आएं। उन्होंने कहा कि युवा इस उद्देश्य के लिए संकल्पित होकर काम करेंगे, तभी युवा उत्सव सही मायने में सफल होगा।कलेक्टर ने कहा कि प्रत्येक युवा किसी एक खेल को अपने जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाए। इंडोर हो या आउटडोर, अपनी रुचि के अनुसार खेल चुनें और उसे भोजन व अन्य जरूरी कार्यों की तरह दैनिक दिनचर्या में शामिल करें। उन्होंने खेलों को स्वस्थ परिवार, समाज और देश के निर्माण से जोड़ा।उन्होंने युवाओं से अपने घर और मोहल्ले को साफ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी आदतों से पूरे जिले को स्वच्छ बनाने में मदद मिलेगी। अगले वर्ष स्वच्छता में जिले की पहचान बनाने के लिए सभी को अपने स्तर पर प्रयास करना होगा।उन्होंने कहा कि अच्छी बातों को केवल उपदेश तक सीमित न रखें, बल्कि व्यवहार में अपनाएं। दूसरों को समझाने से पहले स्वयं पहल करें और अपने आचरण से रोल मॉडल बनें। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा ने कहा कि देश की युवा शक्ति को सही दिशा और अवसर देकर विकास को गति दी जा सकती है। आने वाले 10 से 20 वर्षों में देश कितना आगे बढ़ेगा, इसमें युवा पीढ़ी की प्रतिभा और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
उन्होंने कहा कि युवाओं के सामने अपनी क्षमता दिखाने और देश के विकास में योगदान देने का बड़ा अवसर है। इस पहल का उद्देश्य उन्हें जोड़ना और आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने सभी से इससे जुड़ने और इसका अधिकतम लाभ उठाने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सूरज वर्मा ने कहा कि युवाओं को आगे जिस भी मार्गदर्शन की आवश्यकता होगी, उसकी व्यवस्था कलेक्टर और संबंधित विभागों के सहयोग से करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि युवा अपनी प्रतिभा को निखारकर विभिन्न क्षेत्रों में पहचान बनाएंगे और देश की प्रगति में भागीदार बनेंगे।जिला स्तरीय युवा उत्सव कार्यक्रम में प्रतिभागियों को शील्ड और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया गया। जिसमें पेंटिंग/चित्रकला प्रतियोगिता में रौन के प्रशांत कुशवाह ने प्रथम, भिण्ड की कु. तनिष्का शर्मा ने द्वितीय, भिण्ड की कु. कल्पना राजावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। नुक्कड़ नाटक में भिण्ड के श्रेया एण्ड विजय ग्रुप ने प्रथम, भिण्ड की आस्था मिश्रा एवं समूह ने द्वितीय, भिण्ड के एमजेएस के मनीष सिंह एवं समूह ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कविता लेखन में अंशिका ने प्रथम, अदिति शर्मा ने द्वितीय, नीतेश ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। लोकगीत समूह में टैगोर संगीत विद्यालय ने प्रथम, पूजा ग्रुप ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।लोक नृत्य समूह में भिण्ड ब्लॉक की प्राची विश्वकर्मा ग्रुप ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि तथा उपस्थित अतिथियों द्वारा प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड और मेडल प्रदान किए गए।




