No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

सामाजिक सुरक्षा के छूटे हितग्राही पहचानने, फौती नामांतरण और 70+ के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए चलेंगे अभियान

सामाजिक सुरक्षा के छूटे हितग्राही पहचानने, फौती नामांतरण और 70+ के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए चलेंगे अभियान

*सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में बॉटम-5 रहने पर होगी कार्यवाही*

*जन विश्वास अभियान के शिविरों में सभी जिला अधिकारियों की उपस्थिति होगी अनिवार्य*

*कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक का आयोजन*

कलेक्टर पवन जैन ने निर्देश दिए हैं कि जिले में सामाजिक सुरक्षा के छूटे हितग्राही पहचानने, फौती नामांतरण करने और 70 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए तीन सघन अभियान चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि समस्त जनपद सीईओ आगामी एक माह में सभी पंचायतों में सामाजिक सुरक्षा से ऐसे सभी पात्र व्यक्तियों की पहचान करेंगे जिन्हें हितलाभ नहीं मिल रहा है, इसकी समीक्षा प्रत्येक समय सीमा बैठक में की जाएगी। स्वास्थ्य और महिला बाल विकास विभाग के सहयोग से ऐसे सभी छूटे हुए हितग्राहियों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन एक माह में शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि फौती नामांतरण के लंबित प्रकरणों का आगामी 30 नवंबर तक निराकरण कर लिया जाए अन्यथा लंबित आवेदन उजागर करने वालों को 500 रुपए का इनाम दिया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि सांख्यिकी और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से 70 वर्ष से अधिक आयु वाले प्रत्येक व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड भी बनाया जाएगा। कलेक्टर पवन जैन ने ये निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय सीमा बैठक में दिए।कलेक्टर पवन जैन ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विभागवार समीक्षा कर निर्देश दिए कि अधिकारियों की व्यक्तिगत जिम्मेदारी है कि जिला किसी भी स्थिति में बॉटम-5 में नहीं आए अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने आगामी तीन दिवस में ग्रेडिंग माह की शिकायतें अधिक से अधिक संख्या में संतुष्टि से बंद कराने और कल शाम तक 1000 दिवस से अधिक लंबित शिकायतें बंद कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अत्याचार निवारण संबंधी और किसी भी प्रकार की अन्य राहत राशि का डीबीटी भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता राशि का तत्काल भुगतान सुनिश्चित करने के लिए इसके प्रकरणों की लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत समीक्षा की जाएगी। उन्होंने समय सीमा बाह्य प्रकरण पर 5000 रुपए का जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए।कलेक्टर पवन जैन ने औषधि निरीक्षक को मेडिकल स्टोर्स और नाप तौल निरीक्षक को पेट्रोल पंपों के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों पर वीडियोग्राफी के साथ पारदर्शी जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि मध्यान्ह भोजन में फर्जी उपस्थिति के आधार पर पिछले तीन माह में राशन लेने वालों पर आपराधिक प्रकरण दर्ज कराए जाएं। उन्होंने कहा कि समस्त सांदीपनी विद्यालयों में अधोसंरचना, फर्नीचर, बजट, परिवहन, सफाई, इत्यादि के संबंध में इनके प्राचार्य रोडमैप तैयार कर प्रस्तुत करेंगे और शालाओं के स्थानांतरण के बाद रिक्त हुए भवनों का वैकल्पिक उपयोग भी प्रस्तावित करेंगे।कलेक्टर पवन जैन ने निर्देश दिए कि जन विश्वास अभियान के शिविरों में सभी जिला अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री अथवा मुख्यमंत्री के संबोधन वाले सभी जिला स्तरीय कार्यक्रमों में भी जिला अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य रहेगी, चाहे ऐसे आयोजन शासकीय अवकाश के दिन ही क्यों न पड़े। उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के विरुद्ध बैंकों द्वारा ऋण का समायोजन सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि से किया जाना अनुचित है, ऐसा पाए जाने पर बैंक मैनेजर के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जाएगा। उन्होंने बैंक शाखाओं के सामने पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए अन्यथा एसडीएम द्वारा ऐसे बैंक सील किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पराली जलाए जाने पर तहसीलदार, कृषि आरईओ और पंचायत सचिव जुर्माना लगाएं और इसके विरुद्ध समझाइश दें। उन्होंने झंडा दिवस की लंबित राशि आगामी तीन दिवस में जमा करने और अनुकम्पा नियुक्ति के लंबित मामलों की सूची कल तक साझा करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने बैठक में सीएम मौनिट, अवमानना मामले, स्वामित्व अभियान, जनगणना द्वितीय चरण, कर्मयोगी कर्तव्य कार्यक्रम, इत्यादि की भी समीक्षा की।बैठक में सीईओ जिला पंचायत वीर सिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन नाडिया, डिप्टी कलेक्ट अखिलेश शर्मा, सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे, जबकि एसडीएम सहित अन्य ब्लाक स्तरीय अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से जुड़े थे।

a

Related Articles

Back to top button