No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

ऊमरी में आयोजित जन-विश्वास शिविर में विधायक एवं कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 19 लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

ऊमरी में आयोजित जन-विश्वास शिविर में विधायक एवं कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 19 लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संचालित जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आज ऊमरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र परिसर में जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह एवं कलेक्टर पवन जैन ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।विधायक एवं कलेक्टर ने शिविर के दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना की 04, भू-अधिकार पुस्तिका 07, फोती नामांतरण 06 कुल 17 पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही 05 कुपोषित बच्चों की माताओं को पोषण डलिया वितरित की गई।इस दौरान जनपद पंचायत भिण्ड अध्यक्ष सरोज बघेल, सीईओ जिला पंचायत भिण्ड वीरसिंह चौहान, एसडीएम भिण्ड महेन्द्र सौजन्या, सीईओ जनपद भिण्ड शालू दोहरे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर पवन जैन ने कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए सभी विभागों के अधिकारी इस शिविर में उपस्थित रहते हैं, सभी लोगों से आग्रह है कि अपनी समस्याओं से हमें जरूर अवगत कराएं ताकि उनका निराकरण किया जा सके।राजस्व विभाग द्वारा अभियान चलाया जा रहा है कि पूरे जिले में तहसीलदार/नायब तहसीलदार न्यायालय में दर्ज फोती नामांतरण के मामलों में 30 नवम्बर तक कोई भी फोती नामांतरण पेंडिंग नहीं रहेगा। सभी फोती नामांतरण के नामांतरण की कार्यवाही कर दी जाएगी। जितने भी लोगों के फोती नामांतरण छूटे हुए हैं, उन सभी से अपील है कि तत्काल शिजरा के साथ तहसीलदार न्यायालय में दे दें।उन्होंने कहा कि ऐसे हितग्राही जो सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं (जैसे- इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, निःशक्तजन पेंशन, मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक पेंशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन आदि) में पात्र हैं, उन्हें पेंशन योजनाओं का लाभ लगातार मिलेगा।ग्राम पंचायत सचिव और जीआरएस गांव में जाकर के प्रत्येक पात्र किंतु योजना से वंचित व्यक्तियों की शत-प्रतिशत स्क्रीनिंग कर उनके नाम और आवश्यक दस्तावेज लेकर पात्रता अनुसार 20 दिसम्बर से पहले सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित करेंगे।ग्रामवासियों से भी आग्रह है कि आपके आस पास या परिचित जो भी व्यक्ति इन योजनाओं में पात्र है तो उसकी जानकारी अवश्य दें ताकि उन्हें लाभान्वित किया जा सके।उन्होंने कहा कि जिले में संचालित नल जल योजना सुचारू रूप से संचालित हों और हर घर नल से जल पहुंचे यह सरकार की योजना भी है और जिला प्रशासन ने इसे प्राथमिकता से भी लिया है। किसी कारण से कोई योजना अपूर्ण है या क्षतिग्रस्त है तो जल्द ही उसे पूरा कराकर हर घर नल और हर घर नल से जल पहुंचाने का काम करेंगे।कलेक्टर ने आमजन से अपील कर कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहे, पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ समय रहते मिले इसकी चिंता हम सभी को करनी होगी।
उन्होंने शिविर में उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना के लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और सभी से इन योजनाओं में बीमा कराने का आग्रह किया ताकि दुर्घटना होने पर लाभ प्राप्त हो सके।

कलेक्टर ने शिविर में उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का निराकरण एल-1 स्तर पर ही किया जाए। आपके विभाग अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन का निराकरण गुणवत्तापूर्ण और संतुष्टि से हो। महिला बाल विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि समय पर आंगनबाड़ी भवन खुलें, बच्चों को मध्याह्न भोजन मिलना चाहिए, टेक होम राशन समय पर दिया जाना सुनिश्चित करें।

*सीएचसी का किया निरीक्षण*

कलेक्टर पवन जैन ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ऊमरी का औचक निरीक्षण कर वहां उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ओपीडी, दवा वितरण, प्रयोगशाला, आकस्मिक सेवा, सफाई व्यवस्था तथा अस्पताल में आने वाले मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली।

इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों से चर्चा कर डिलीवरी में लिंगानुपात प्रतिशत, शिशु मृत्यु दर और मातृ मृत्यु दर के आंकड़ों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को लापरवाही न करने तथा मरीजों को गुणवत्तापूर्ण सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण, समय पर और संवेदनशील स्वास्थ्य सेवा मिले, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को नियमित उपस्थिति, मरीजों से विनम्र व्यवहार और दवाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

a

Related Articles

Back to top button