शासकीय मा.वि. भदौरियन के प्राथमिक शिक्षक (प्रभारी प्रधानाध्यापक) निलंबित,पूर्व में हटाए गए अतिथि शिक्षक को पुनः नियुक्त करने की शिकायत जांच में सही पाई जाने पर हुई कार्रवाई

शासकीय मा.वि. भदौरियन के प्राथमिक शिक्षक (प्रभारी प्रधानाध्यापक) निलंबित,पूर्व में हटाए गए अतिथि शिक्षक को पुनः नियुक्त करने की शिकायत जांच में सही पाई जाने पर हुई कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी सुधांशु द्विवेदी ने विकासखण्ड लहार के शासकीय माध्यमिक विद्यालय भदौरियन का पुरा में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर कार्यरत प्राथमिक शिक्षक उमेश सिंह भदौरिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। संबंधित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय किशूपुरा में पदस्थ हैं। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय कार्यालय खंड शिक्षा अधिकारी लहार नियत किया गया है। नियमानुसार उन्हें जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी ने सूचित किया है कि अतिथि शिक्षक वर्ग-2, विषय सामाजिक विज्ञान की नियुक्ति संबंधी तीन शिकायतें लंबित थीं। शिकायतकर्ता अवध किशोर सिंह की शिकायत की जांच के लिए प्राचार्य शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय प्रतापपुरा अरुण सिंह तोमर को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया था। कार्यालय के पत्र दिनांक 27 अक्टूबर 2026 के अंतर्गत जांच प्रतिवेदन प्राप्त हुआ।
जांच में शिकायत तथ्यों के आधार पर सही पाई गई। प्रतिवेदन के अनुसार, प्रभारी प्रधानाध्यापक द्वारा पूर्व में हटाए गए अतिथि शिक्षक को पुनः नियुक्त किया गया, जो नियमों के विपरीत पाया गया। इसके अलावा संकुल प्राचार्य के प्रतिवेदन में भी उल्लेख किया गया कि संबंधित शिक्षक मीटिंग में बुलाए जाने पर अनुपस्थित रहते हैं।
प्रकरण के गंभीर परीक्षण के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए श्री भदौरिया को निलंबित किया। आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।




