No Slide Found In Slider.
ब्रेकिंग न्यूज़राज्य

कांग्रेसियों ने पत्रकारवार्ता में गिनाईं शहर की समस्याएं

भिण्ड। भिण्ड शहर जिला मुख्यालय पर होते हुए भी पिछले 18 वर्षों से भाजपा सरकार में अपनी दुर्दशा के लिए संघर्ष कर रहा है। भाजपा के नेता अब जनता की सुविधाओं, महंगाई, बेरोजगारी, बिजली, पानी, सडक़, सीवर, नाली और सफाई की बात नहीं करते हैं। ये आरोप शहर कांग्रेस द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने लगाए। प्रेसवार्ता में प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष खिजर कुरैशी, रामप्रकाश यादव, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मानसिंह कुशवाह, शहर अध्यक्ष प्रदीप जैन गुड्डा, सेवादल जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा, धर्मेन्द्र भदौरिया पिंकी, प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज, रणवीर सिंह, रामहर्ष सिंह कुशवाह, संजय भूता मौजूद रहे।
जिलाध्यक्ष मानसिंह कुशवाह ने कहा कि नगर पालिका भ्रष्टाचार की पोषक बन गई है, इसलिए उसे शहर की खराब हालत दिखाई नहीं देती। खिजर कुरैशी और रामप्रकाश यादव ने महंगाई पर भाजपा को घेरते हुए कहा कि भाजपा सरकार में लोगों का जीना मुहाल हो गया है। वहीं शहर अध्यक्ष प्रदीप जैन गुड्डा ने शहर की पार्किंग व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि आज पूरे शहर में वाहन पार्किंग के लिए कोई भी स्थान चिन्हित नहीं है, आखिर दूर दराज से आए लोग अपना वाहन कहीं भी खड़ा कर देते हैं, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था खराब हो जाती है। साथ ही गर्मी को देखते हुए नगर पालिका से जगह-जगह प्याऊ लगाने की मांग रखी। नालों की सफाई नहीं की गई, जिससे मच्छरों का प्रकोप जारी है।
कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज ने कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए आए दिन शहर में हो रही गोलीबारी की घटनाओं पर पुलिस को आड़े हाथों लिया और बाईक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की मांग की। रामहर्ष सिंह कुशवाह और धर्मेन्द्र भदौरिया ने किसानों की फसल को कम तोलने पर प्रशासन को कार्रवाई के लिए चेताया। सेवादल जिलाध्यक्ष संदीप मिश्रा और संजय भूता ने वार्डों में नालियों की सफाई और व्यापारियों को समस्याओं हेतु अवगत कराया। कांग्रेस नेताओं ने सामूहिक रूप से सरकार पर आरोप लगाया कि भाजपा स्मार्ट सिटी बनाने की बात करती थी, स्मार्ट सिटी के नाम पर जनता को धोखा दिया, बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और लूट की। उन्होंने पूछा कि सरकार बताये कि स्मार्ट सिटी बनाने के लिए शहरों में क्या काम किया? अगर किया तो भिण्ड हालात बदतर क्यों है।

a

Related Articles

Back to top button