अपैक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने जिला सहकारी बैंक भिण्ड के शाखा प्रबंधकों की बैठक ली।

अपैक्स बैंक के प्रशासक महेन्द्र सिंह यादव ने जिला सहकारी बैंक भिण्ड के शाखा प्रबंधकों की बैठक ली।
म.प्र. राज्य सहकारी बैंक भोपाल के प्रशासक (कैबिनेट मंत्री दर्जा) महेन्द्र सिंह यादव द्वारा आज भिण्ड प्रवास के दौरान जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित भिण्ड के सभागार में बैंक के शाखा प्रबंधकों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में सहकारिता गतिविधियों, ऋण वितरण, वसूली, सदस्यता महा अभियान एवं किसान हितैषी, योजनाओं की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान प्रशासक महेंद्र यादव ने बैंक अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता हो। महेंद्र यादव द्वारा ईधन बचाओ, ऊर्जा बचाओ संदेश का उल्लेख किया गया एवं खाद गोदामों की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि हमारा उद्देश्य है कि किसानों को सरकार की हर योजना का लाभ मिले, इसको ध्यान में रखते हुए कार्य करें। उन्होंने शाखा प्रबंधकों से वन-टू-वन चर्चा करते हुए शाखा व समितियों की जानकारी ली व आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शाखा प्रबंधकों से समितियों में भ्रमण कर नवीन सदस्य बनाने के विशेष निर्देश दिए और कहा फील्ड में जाकर किसानों से मिलें व किसान हितैषी योजनाओं के बारे में उन्हें अवगत करायें।
बैठक के उपरांत एक पेड़ मां के नाम अभियान अंतर्गत महेंद्र यादव द्वारा बैंक की शाखा मेहगांव में वृक्षारोपण किया गया एवं समस्त अधिकारियों को अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके रखरखाव हेतु निर्देशित किया गया।
बैठक में जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक मर्यादित भिण्ड के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहुल पवार, वरिष्ठ अधिकारीगण, शाखा प्रबंधक एवं बैंक के कर्मचारी उपस्थित रहे।




