कलेक्टर ने 24 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को दिया नोटिस, सरपंच एवं सचिव द्वारा राशि का समयावधि में नहीं किया गया उपयोग

कलेक्टर ने 24 ग्राम पंचायतों के सरपंच एवं सचिवों को दिया नोटिस, सरपंच एवं सचिव द्वारा राशि का समयावधि में नहीं किया गया उपयोग
भिंड कलेक्टर पवन जैन ने ग्राम पंचायत भदाकुर, दतावली, फतेहपुर, अडोखर, अतरसूमा, खैराश्याम पुरा, पुलावली, डूंगरपुरा, कचोंगरा, मुरलीपुरा, रानीपुरा, जवासा, खडेरी, सिंहुडा, सिमराव, मेघपुरा, ग्राम ज्ञानपुरा, हमीरपुरा, भवनपुरा, मोधना, मदनपुरा, अमृतपुरा, इंगूरी, गौना हरदासपुरा के सरपंच एवं सचिवों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
कलेक्टर पवन जैन ने सूचित किया है कि खनिज प्रतिष्ठान मद अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2022-23 में उक्त ग्राम पंचायतों को कार्य हेतु राशि स्वीकृत कर राशि ग्राम पंचायत को अंतरित की गई थी। दिनांक 28.11.2026 को खनिज प्रतिष्ठान मद अंतर्गत कार्यों की समीक्षा करने पर पाया गया कि उक्त पंचायतों के सरपंच और सचिवों द्वारा स्वीकृत राशि से निर्माण कार्य आज दिनांक तक पूर्ण नहीं कराये गये हैं। यह स्थिति अत्यंत आपत्तिजनक है।
संबंधित सचिवों का उक्त कृत्य म.प्र. सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के उपनियम 1,2,3 का स्पष्ट उल्लंघन होकर एक लोक सेवक के पदीय कर्त्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही एवं उदासीनता के साथ-साथ कर्त्तव्य विमुखता का परिचायक है। साथ ही उक्त सरपंच एवं सचिव द्वारा राशि का समयावधि में उपयोग नहीं किया गया, जो कि आर्थिक अपराध/अनियमितता की श्रेणी में आता है।
अतः इस संबंध में जबाव नोटिस प्राप्ति से 24 घण्टे में कलेक्टर भिण्ड को समक्ष में प्रस्तुत करें कि क्यों न आपके विरूद्ध पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 92 के तहत वसूली की कार्यवाही की जाये।




