यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता, अनाधिकृत वाहनों पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को सघन अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश

यात्री सुरक्षा को प्राथमिकता, अनाधिकृत वाहनों पर होगी कार्रवाई, कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को सघन अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश
जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए कलेक्टर पवन जैन ने जिला परिवहन अधिकारी को सघन अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। अभियान का उद्देश्य बिना वैध परमिट, बिना नंबर प्लेट और ओवरलोड संचालित वाहनों पर नियंत्रण करना है।
*यात्री सुरक्षा सर्वोपरि*
कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की जान-माल के साथ किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियम तोड़ने वाले चालकों एवं वाहन मालिकों के विरुद्ध मोटर यान अधिनियम के अंतर्गत चालानी कार्रवाई, वाहन जप्ती सहित आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
*सघन जांच अभियान*
परिवहन विभाग की टीमें जिले के विभिन्न मार्गों पर वाहनों की विशेष जांच करेंगी। बिना परमिट के यात्री वाहन, अनाधिकृत, नंबर प्लेट रहित वाहनों तथा अधिक भार ले जाने वाले वाहनों की पहचान कर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
*सकारात्मक पहल*
यह अभियान केवल कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता को सुरक्षित, व्यवस्थित और भरोसेमंद यातायात उपलब्ध कराने की दिशा में प्रशासन की सक्रिय पहल है। नियमों का पालन करने वाले वाहन संचालकों को निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा का अवसर मिलेगा, जबकि यात्रियों को सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम से बचाव मिलेगा।
*जन-जागरूकता जरूरी*
प्रशासन की इस पहल में नागरिकों की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। यात्रियों को केवल पंजीकृत, परमिट युक्त एवं सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों में ही यात्रा करनी चाहिए। संदिग्ध वाहनों की जानकारी संबंधित विभाग को देकर जनता सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाने में योगदान दे सकती है।




