घरेलू कुकिंग को छोटे उद्यम में बदलकर आर्थिक सशक्तिकरण सम्भव है – मंत्री राकेश शुक्ला।मंत्री ने किया महिलाओं की प्रतिभा का सम्मान,नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।

घरेलू कुकिंग को छोटे उद्यम में बदलकर आर्थिक सशक्तिकरण सम्भव है – मंत्री राकेश शुक्ला।मंत्री ने किया महिलाओं की प्रतिभा का सम्मान,नशा मुक्ति की शपथ दिलाई।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में जनपद पंचायत मेहगांव द्वारा सांदीपनि बालक हायर सेकेंडरी स्कूल में कुकिंग कम्पटीशन का आयोजन किया गया। जिसमें नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने प्रतिभागियों और आयोजकों की प्रशंसा की। कार्यक्रम में स्थानीय महिलाओं ने भाग लिया और पारंपरिक व आधुनिक दोनों प्रकार की रेसिपियों में अपनी कला दिखाई। निर्णायकों द्वारा स्वाद, प्रस्तुति और नवाचार के मानदंडों के आधार पर विजेताओं का चयन किया गया। विजयी महिलाओं को मुख्य अतिथि ने पुरस्कार और प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया, जिससे स्थानीय महिलाओं में उत्साह और आत्मविश्वास दिखाई दिया।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि महिलाएँ परिवार और समाज की रीढ़ हैं, उनकी रचनात्मकता और कौशल को पहचानना और प्रोत्साहित करना हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने स्थानीय उत्पादों के उपयोग और स्व-रोजगार के अवसरों पर भी जोर दिया, कहा कि घरेलू कुकिंग को छोटे उद्यम में बदलकर आर्थिक सशक्तिकरण सम्भव है।
मंत्री ने युवा पीढ़ी को पारंपरिक पाक शैलियों को संजोए रखने के साथ-साथ पौष्टिकता और स्वच्छता का ख्याल रखने की सलाह दी। उन्होंने कार्यक्रम के आयोजकों, जनपद पंचायत मेहगांव, स्कूल प्रशासन और स्थानीय स्वयंसेवकों के योगदान की विशेष रूप से सराहना की।
अंत में अंतरराष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरूपयोग एवं अवैध तस्करी निरोधक दिवस के अवसर पर नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने उपस्थित नागरिकों को नशा मुक्ति की शपथ दिलवाई। उन्होंने कहा कि नशे से होने वाला सामाजिक और आर्थिक विनाश रोका जा सकता है यदि समाज एकजुट होकर जागरूकता फैलाए और पीड़ितों को सहारा दे। मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार नशामुक्ति के लिए शिक्षा, पुनर्वास और कानून व्यवस्था के माध्यम से लगातार कदम उठा रही है और स्थानीय स्तर पर भी समुदाय की भागीदारी आवश्यक है।
*निःशुल्क साइकिल एवं ई-स्कूटी वितरण समारोह*
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में सादीपनि शासकीय उत्कृष्ट उच्च माध्य मिक विद्यालय, मेहगांव में निःशुल्क साइकिल वितरण और मेघावी छात्र योजना के अंतर्गत ई-स्कूटी वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि शिक्षा और परिवहन दोनों का समेकित विकास ही भविष्य के सशक्त नागरिक तैयार करेगा। उन्होंने बताया कि साइकिल वितरण से छात्रों की विद्यालय उपस्थिति बढ़ेगी तथा ई-स्कूटी परियोजना से विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को सुविधा मिलेगी और समय की बचत होगी। मंत्री ने छात्र-छात्राओं के परिश्रम को सराहा और आश्वस्त किया कि सरकार ऐसे कार्यक्रम निरंतर जारी रखेगी। कार्यक्रम के अंत में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और लाभ सामग्री प्रदान की गई।




