मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड और जिला कार्यक्रम अधिकारी भिण्ड ने किया वीएचएसएनडी (VHSND) सत्र का संयुक्त निरीक्षण।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड और जिला कार्यक्रम अधिकारी भिण्ड ने किया वीएचएसएनडी (VHSND) सत्र का संयुक्त निरीक्षण।
जिले में स्वास्थ्य और पोषण सेवाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए आज मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी भिण्ड डॉ. जे.एस. यादव एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी भिण्ड महेन्द्र सिंह अम्ब द्वारा एक संयुक्त प्रशासनिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों ने शहरी क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 39 में संचालित आंगनवाड़ी केंद्र 39/1 का औचक भ्रमण कर वहाँ आयोजित किए जा रहे ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHSND) सत्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
*सत्र स्थल पर स्वास्थ्य सेवाएँ सक्रिय, अधिकारियों के सामने हुआ टीकाकरण*
निरीक्षण के दौरान सत्र स्थल पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ता संगीता एवं ए.एन.एम. अंजली मुस्तैद पाई गईं। अधिकारियों ने सेवाओं की गुणवत्ता देखते हुए अपनी उपस्थिति में एक 2 माह के शिशु का नियमानुसार टीकाकरण करवाया।
*शिशु स्वास्थ्य को लेकर दी समझाइश: “6 माह तक सिर्फ माँ का दूध”*
टीकाकरण के साथ ही सीएमएचओ डॉ. जे.एस. यादव और डीपीओ महेन्द्र सिंह अम्ब ने उपस्थित धात्री माताओं से संवाद किया। अधिकारियों ने शिशु को कुपोषण और बीमारियों से बचाने के लिए कड़े निर्देश देते हुए समझाइश दी कि 6 माह की उम्र तक बच्चे को माँ के दूध के अतिरिक्त ऊपर से पानी, घुट्टी या कोई भी अन्य पेय पदार्थ बिल्कुल न दिया जाए। केवल स्तनपान ही शिशु के लिए पूर्ण आहार है।
*जर्जर आंगनवाड़ी भवन को तुरंत किराए के भवन में शिफ्ट करने के निर्देश*
निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी महेन्द्र सिंह अम्ब ने आंगनवाड़ी केंद्र के भवन की स्थिति का बारीकी से मुआयना किया। भवन की स्थिति संतोषजनक और सुरक्षित न पाए जाने पर उन्होंने बच्चों और माताओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए तत्काल कड़े निर्देश जारी किए। डीपीओ महेंद्र सिंह अम्ब ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस आंगनवाड़ी केंद्र को अविलंब किसी अन्य सुरक्षित एवं सर्वसुविधायुक्त किराए के भवन में शिफ्ट किया जाए, ताकि विभागीय गतिविधियों और बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा में कोई बाधा न आए।
निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने फील्ड स्टाफ को शासन की स्वास्थ्य एवं पोषण योजनाओं का लाभ हर पात्र हितग्राही तक पूरी निष्ठा से पहुँचाने के निर्देश दिए।




