No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

कलेक्टर ने आंकड़ों की सत्यापित प्रविष्टि के दिए निर्देश,पूरक पोषण आहार का वास्तविक उपयोग होगा सुनिश्चित।

कलेक्टर ने आंकड़ों की सत्यापित प्रविष्टि के दिए निर्देश,पूरक पोषण आहार का वास्तविक उपयोग होगा सुनिश्चित।

*आदर्श आंगनवाड़ी के रूप में विकसित होंगी गोहद की आंगनवाड़ियां*

*गोहद विकासखंड का ऑल इंडिया डेल्टा रैंकिंग में 27 स्थानों के सुधार*

*नीति आयोग आकांक्षी ब्लाक कार्यक्रम के अंतर्गत गोहद ब्लॉक की तिमाही समीक्षा बैठक आयोजित*

कलेक्टर ने नीति आयोग आकांक्षी ब्लाक कार्यक्रम के अंतर्गत गोहद ब्लॉक की तिमाही समीक्षा करते हुए कहा कि समस्त विभाग डेटा की गुणवत्ता पर ध्यान दें और नीति आयोग के चैंपियंस ऑफ चेंज पोर्टल पर आंकड़ों की समय पर सत्यापित प्रविष्टि सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं के उद्देश्य को समझे बिना वास्तविक परिणाम नहीं मिल सकते हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि फील्ड में जाकर योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का कारण जानें और लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास करते रहें। कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा फील्ड में रहकर जनता से प्रतिक्रिया ली जाएगी जिससे विभागों की वास्तविक उपलब्धि का मूल्यांकन होगा। यदि योजनाओं का लाभ नहीं मिलता पाया जाता है, तो संबंधित अधिकारी के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।

कलेक्टर ने निर्देश दिए पूरक पोषण आहार का केवल वितरण ही काफी नहीं, इसका वास्तविक उपयोग गर्भवती महिलाओं और कुपोषित बच्चों द्वारा किया जाना सुनिश्चित किया जाए जिससे उनके स्वास्थ्य संकेतकों में सुधार आए। कम वजन वाले नवजात शिशुओं के प्रतिशत की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने कहा कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, एएनएम और अधिकारी संबंधित परिवारों से मिलकर समस्या को समझें। उन्होंने कुपोषित बच्चों और एनीमिक गर्भवतियों की संख्या कम करने के लिए पारंपरिक खाद्य जैसे लड्डू, आमला, मोरिंगा, दलिया और सत्तू के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी प्रसव संस्थागत ही किए जाएं, निजी अस्पतालों का प्रसव डाटा भी एकत्रित किया जाए और एएनसी के लिए एएनएम को सही तरह से प्रशिक्षित किया जाए।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सिंघवारी आंगनवाड़ी की तर्ज पर गोहद की सभी आंगनवाड़ियों को सुविधा संपन्न बनाकर आदर्श आंगनवाड़ी के रूप में विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य संस्थाओं में भवन मरम्मत अथवा अन्य आवश्यकता के संबंध में आगामी 7 दिनों में अनुमानित व्यय सहित प्रस्ताव जिला पंचायत को भेजे जाएं। लाभार्थियों द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण अंतर्गत अपूर्ण इकाइयों को यदि आगामी 30 दिन में पूरा नहीं किया जाता है तो वसूली की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत विद्यार्थियों का 60 प्रतिशत से अधिक परिणाम होना चाहिए। उन्होंने विकासखंड में एफपीओ और कस्टम हायरिंग सेंटर की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव भेजने और कृषकों को उन्नत और विविध फसलों के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। पशु टीकाकरण और कृत्रिम गर्भाधान में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।

बैठक में बताया गया कि गोहद ब्लॉक का ऑल इंडिया डेल्टा रैंकिंग में 27 स्थानों के सुधार के साथ मार्च 2026 तिमाही में 136वाँ स्थान प्राप्त किया है। समीक्षा बैठक में जिला पंचायत सीईओ, सीएमएचओ, गोहद के अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, सीएमओ, जनपद सीईओ, बाल विकास परियोजना अधिकारी, विकासखंड पशु चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड मेडिकल अधिकारी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, कृषि विकास अधिकारी उपस्थित थे।

a

Related Articles

Back to top button