जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता निरंतर जारी – मंत्री राकेश शुक्ला।

जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता निरंतर जारी – मंत्री राकेश शुक्ला।
*नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने जन समस्या निवारण शिविर में सुनीं जन समस्याएं*
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला द्वारा जनसेवा एवं विकास के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए आज जनपद पंचायत रौन की ग्राम पंचायत इंदुर्खी में शासकीय हाईस्कूल परिसर में ग्राम सभा एवं जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर के दौरान क्षेत्रवासियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी साझा करते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने कहा कि आमजन को अपनी समस्याओं के निराकरण एवं सरकार की जनहितेशी योजनाओं का लाभ लेने के लिए अलग-अलग ऑफिसों के चक्कर न लगाने पडे, इसलिए इस प्रकार के शिविर आयोजित कर संबंधित सभी विभागों के अधिकारी कर्मचारियों को एक ही छत के नीचे बैठाकर आमजन की समस्याएं सुनने एवं उन समस्याओं का निराकरण करने के लिए यह शिविर आयोजित किये जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध समाधान एवं क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए हमारी प्रतिबद्धता निरंतर जारी है। आपकी समस्याओं के निराकरण के लिए यह शिविर आपके क्षेत्र में लगाया गया है। इसी प्रकार के शिविर अन्य क्षेत्रों में भी निरंतर लगाये जा रहे हैं।
नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने शिविर में अपनी समस्या का आवेदन लेकर आने वाले नागरिकों से बारी-बारी से मिलकर उनकी समस्या सुनी और आवेदन लिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि शिविर के माध्यम से आमजन जो भी समस्या लेकर आ रहे हैं उनका निराकरण शीघ्र कर मुझे अवगत करायें।
*रायपुरा में 2 मेगावाट प्लांट का हुआ उद्घाटन*
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री राकेश शुक्ला ने ग्राम पंचायत रायपुरा में लगभग 7.5 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 2 मेगावाट क्षमता वाले सोलर प्लांट का भव्य उद्घाटन किया। यह आधुनिक सोलर प्लांट प्रतिदिन करीब 15,000 यूनिट बिजली का उत्पादन करेगा, जिसे राज्य शासन द्वारा खरीदा जाएगा। इस दौरान लहार विधायक अम्बरीश शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष कामना सिंह भदौरिया, एसडीएम लहार महेन्द्र सिंह सौजन्या तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
मंत्री राकेश शुक्ला ने उद्घाटन के मौके पर कहा कि यह परियोजना न केवल स्थानीय ऊर्जा सुरक्षा को मजबूती देती है, बल्कि जिले में हरित ऊर्जा की दिशा में एक उल्लेखनीय कदम भी है।
उन्होंने ग्रामीणों से स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा देने और ऊर्जा बचत के उपाय अपनाने का भी आग्रह किया।
विधायक लहार अम्बरीश शुक्ला ने कहा कि इस तरह की परियोजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करती हैं और जनजीवन में सकारात्मक बदलाव लाती हैं।




