गुमशुदा कटौत्रों तथा सामान्य भविष्य निधि जागरूकता संबंधी शिविर का आयोजन 21 से 23 सितम्बर तक

गुमशुदा कटौत्रों तथा सामान्य भविष्य निधि जागरूकता संबंधी शिविर का आयोजन 21 से 23 सितम्बर तक
*शिविर ई-दक्ष कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में होगा आयोजित*
कलेक्टर भिण्ड ने समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारी जिला भिण्ड को निर्देशित किया है कि सामान्य भविष्य निधि गुमशुदा कटोत्रों एवं जागरूकता संबंधी कैम्प का आयोजन दिनांक 21 सितम्बर 2026 से 23 सितम्बर 2026 किया जाना है। इस बावत सभी कार्यालय/विभाग में जी.पी.एफ. संबंधी समस्याओं संबंधी समस्त जी.पी.एफ. अभिदाताओं के समस्त अभिलेखों जैसे सामान्य भविष्य निधि कटौत्रा पत्रक, वेतन देयक, चालान की प्रति, कैशबुक एवं बिल रजिस्टर की प्रमाणित प्रतियों सहित कैम्प में उपस्थित होने हेतु अधीनस्थों को निर्देशित किया जाए तथा जी.पी.एफ अभिदाताओं को भी कैम्प में सहभागिता हेतु व्यापक स्तर पर अवगत कराया जाए।
उन्होंने समस्त आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त निर्धारित तिथि से पूर्व कार्यालय में इस प्रकार के सभी प्रकरणों का गहन विश्लेषण कर अपने अधीनस्थ (जो कोषालयीन सॉफ्टवेयर में कार्य प्रणाली से परिचित हो) के साथ कैम्प में उपस्थित होकर जी.पी.एफ. अभिदाताओं की समस्याओं का शत-प्रतिशत निराकरण कराया जाना सुनिश्चित करें।
उक्त कार्य की व्यवस्था हेतु शुभम शुक्ला, सहायक कोषालय अधिकारी जिला कोषालय भिण्ड को नोडल अधिकारी, प्रेम सिंह, सहायक ग्रेड-2 एवं सतेन्द्र सिंह तोमर, सहायक ग्रेड-3 को सहायक के रूप में शिविर कार्य की व्यवस्था हेतु नियुक्त किया गया है।
शिविर का आयोजन दिनांक 21 सितम्बर 2026 से 23 सितम्बर 2026 तक ई-दक्ष कार्यालय कलेक्ट्रेट परिसर में सम्पन्न कराया जावेगा।




