सभी डिलेवरी पॉइन्ट पर डिलेवरी हेतु आवश्यक सामग्री शत्-प्रतिशत उपलब्ध रहे – कलेक्टर

सभी डिलेवरी पॉइन्ट पर डिलेवरी हेतु आवश्यक सामग्री शत्-प्रतिशत उपलब्ध रहे – कलेक्टर
*स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक सम्पन्न*
कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग अधिकारियों की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार भिण्ड में आयोजित की गई। बैठक में सीएमएचओ डॉ जे.एस. यादव, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ आर.के. मिश्रा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-1 डॉ आर.एस. सेमिल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-2 डॉ आलोक शर्मा, जिला स्वास्थ्य अधिकारी-3 डॉ डी.के. शर्मा, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ शिवरामसिंह कुशवाह, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ गौरव भटनागर, जिला कार्यक्रम प्रबंधक ज्योति अंसोलिया तथा ब्लॉक स्तर से समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारी, समस्त ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, समस्त ब्लॉक कम्यूनिटी मोबिलाईजर, बंधपत्र चिकित्सा अधिकारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने सी.एम. हेल्पलाईन की समीक्षा में पेंडिंग शिकायतों का तत्काल निराकरण करने समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश दिये तथा सर्वाधिक 161 शिकायतों को 15 दिवस में संतुष्टिपूर्ण बंद कराने के निर्देश दिये। साथ ही चेतावनी दी कि समय-सीमा में कार्य न होने पर आगामी वेतनवृद्धि रोकने की कार्यवाही होगी।
कलेक्टर ने जिले की समस्त डिलेवरी पॉइन्ट की समीक्षा की जिसमें निर्देश दिये कि जिले के सभी डिलेवरी पॉइन्ट पर डिलेवरी हेतु आवश्यक सामग्री शत्-प्रतिशत हो तथा आवश्यकता होने पर ही रेफर किया जाये। जिले की गर्भवती महिलाओं का ए.एन.सी. रजिस्ट्रेशन प्रतिशत को बढ़ाने हेतु समस्त बी.एम.ओ. को निर्देशित किया।
स्वास्थ्य समीक्षा में विभिन्न योजनाओं की शत्-प्रतिशत उपलब्धि हेतु समस्त खण्ड चिकित्सा अधिकारियों को माह में एक दिन महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ से समन्वय स्थापित कर एसडीएम की अध्यक्षता में बैठकों का आयोजन करने निर्देश दिए, जिससे ए.एन.एम., आशा कार्यकर्ता व आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का समन्वय बना रहे।
बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ जे.एस. यादव द्वारा जिले की स्वास्थ्य संस्थाओं व स्वास्थ्य संस्थाओं के अन्तर्गत आने वाले अधिकारी कर्मचारियों के बारे में जानकारी दी गई।




