संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र करें निराकरण – कलेक्टर

संबल योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र करें निराकरण – कलेक्टर
*समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न*
कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। इस दौरान अपर कलेक्टर, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने बुढ़वा मंगल की तैयारियों की समीक्षा कर कहा कि जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, किसी प्रकार की लापरवाही नहीं रहे। लोगों के लिए पीने का पानी, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेटिंग, विद्युत आपूर्ति, चलित शौचालय सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं रहें।
सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा कर निर्देशित किया कि गतिविधियाँ निरंतर आयोजित होती रहें, साथ ही प्रतिदिन आयोजित होने वाली गतिविधियों के फोटोग्राफ्स सीएम इवेंट पोर्टल पर अपलोड होते रहें। सीएमएचओ भिण्ड को निर्देशित किया कि जिला स्तर के अलावा ब्लॉक स्तर पर भी रक्तदान शिविर आयोजित होते रहें।
विकसित भारत की थीम पर 50 फीट की पेंटिंग बनाए जाने हेतु प्लानिंग करने के निर्देश जिला शिक्षा अधिकारी को दिए।
कलेक्टर ने उद्यम क्रांति योजना, पीएम स्वनिधि, पीएम विश्वकर्मा, पीएमएफएमई, जिला अंत्यावसायी सहकारी विकास निगम, मुख्यमंत्री विमुक्त घुमन्तु एवं अर्द्धघुमन्तु स्वरोजगार योजना, पीएम मानधन योजना अंतर्गत स्वीकृत एवं वितरण की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली तथा प्रगति बढ़ाने निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत सभी अनुबंधित श्रमिकों का पीएम मानधन योजना में पंजीयन कराने निर्देश दिए। अनुग्रह सहायता के 100 दिवस से ऊपर के सभी प्रकरणों का निराकरण करने निर्देश दिए। उन्होंने टीएल पत्रों की विस्तृत समीक्षा कर सभी प्रकरणों में जवाब दर्ज करने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया।




