No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ना अभियान का मुख्य उद्देश्य – सांसद  संध्या राय

पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ना अभियान का मुख्य उद्देश्य – सांसद  संध्या राय

*शिविर में 179 पात्र हितग्राहियों को हुआ हितलाभ वितरण*

*”सेवा सेतु अभियान – सरकार आपके द्वार” शिविर हुआ सम्पन्न*

सांसद संध्या राय के मुख्य आतिथ्य में नगर पालिका भिण्ड द्वारा सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार शिविर का आयोजन टाउन हॉल भिण्ड में किया गया। शिविर का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलन कर किया गया। इस दौरान नगर पालिका भिण्ड अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि, जनपद पंचायत भिण्ड अध्यक्ष सरोज बघेल, कलेक्टर भिण्ड, सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, एसडीएम भिण्ड सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

सांसद संध्या राय ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना से जोड़कर पात्र हितग्राहियों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए चलाया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवा-सुशासन का जिक्र करते हुए कहा कि इस दौरान महिला सशक्तिकरण, किसान कल्याण, युवाओं को रोजगार व उद्यमी बनाने की दिशा में लगातार योजनाएं लागू की गईं।

सांसद संध्या राय ने बताया कि एक समय में 25 करोड़ से अधिक नागरिक गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करते थे, लेकिन वर्तमान में प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में उन्हें सम्मान के साथ जीने का अवसर मिला है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्य प्रदेश की विकास यात्रा को भी सराहा और कहा कि प्रदेश भी 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में पीछे नहीं रहेगा।

सांसद ने कहा कि कई पात्र हितग्राही अभी भी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं; ऐसे पात्र हितग्राहियों को चिन्हित कर योजनाओं से जोड़ना अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अपील कर कहा कि सभी दुर्गम क्षेत्रों, दिव्यांगजन और वंचित वर्ग तक पहुंचकर उनकी समस्याओं का समाधान करें।

सांसद संध्या राय ने जन-सहयोग पर बल देते हुए कहा कि सरकार बड़े कार्य कर रही है, लेकिन नागरिकों को भी अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ व स्वस्थ रखने में भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य विभाग द्वारा चल रहे टीकाकरण अभियान और बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में चल रहे प्रयासों की भी सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों द्वारा कुल 179 पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया, जिसमें सामाजिक सुरक्षा पेंशन के 64, खाद्यान्न पात्रता पर्ची के 30, संबल योजना पंजीयन के 30, मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना अंतर्गत अनुग्रह सहायता राशि के 06, नामांतरण के 06, प्रधानमंत्री आवास योजना के 06, जन्म प्रमाण पत्र के 05, मृत्यु प्रमाण पत्र के 06, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 26 पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरण किया गया।

शिविर में बच्चों द्वारा समाज को जागरूक होने और शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ लेने का संदेश देने हेतु नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुतियां प्रस्तुत की गईं।

a

Related Articles

Back to top button