No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत शहर में प्रकाश, दुरुस्त सड़कें और साफ-सफाई की रहे समुचित व्यवस्था – कलेक्टर

आगामी त्यौहारों के दृष्टिगत शहर में प्रकाश, दुरुस्त सड़कें और साफ-सफाई की रहे समुचित व्यवस्था – कलेक्टर

*प्रशासन का प्रयास: लोग दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करने तालाब या नदी के अंदर न जाएं*

*खाद्य पदार्थों में मिलावट का दोष सिद्ध होने पर होगी कठोर वैधानिक कार्रवाई*

*बिना परमिशन कोई भी नहीं लगाए पटाखों की दुकानें – पुलिस अधीक्षक*

*जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक सम्पन्न*

कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में महानवमी, दशहरा (विजयादशमी) एवं महर्षि बाल्मिकी जयंती तथा दीपावली के अवसर पर साम्प्रदायिक सौहार्द, सुरक्षा व्यवस्था एवं सतर्कता बरतने के संबंध में शांति समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा, सीईओ जिला पंचायत वीरसिंह चौहान, अपर कलेक्टर राजन बी नाडिया, नगर पालिका भिण्ड अध्यक्ष वर्षा बाल्मीकि, जनपद पंचायत भिण्ड अध्यक्ष सरोज बघेल सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे। कलेक्टर ने बैठक के दौरान नगर पालिका भिण्ड को निर्देशित किया कि जुलूस निकलने वाले मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था, सड़कों के गड्ढों की मरम्मत और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था की जाए। शहर के मुख्य बाजारों और प्रमुख स्थानों पर जो लाईट बंद पड़ी हैं उनको ठीक कराकर चालू करें, शहर में अभियान चलाकर कचरे का उठाव करें। उन्होंने उपस्थित सभी समिति सदस्यों से शहर की स्वच्छता में अपना सहयोग करने का आव्हान कर कहा कि हम सबकी भी जिम्मेदारी बनती है कि हमारा शहर साफ-स्वच्छ रहे और डोर-टू-डोर कचरे का उठाव कैसे हो सके इसकी भी चिंता हमें करनी होगी।
उन्होंने विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन जगहों पर तार झूल रहे हैं उन्हें व्यवस्थित करें, साथ आने वाले त्यौहारी सीजन में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। कलेक्टर पवन कुमार जैन ने निर्देशित किया कि खाद्य पदार्थों में मिलावट कर आमजन की जान से खेलने का किसी को कोई अधिकार नहीं है। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध जुर्माने की कार्यवाही के साथ-साथ जिन व्यक्तियों के खाद्य पदार्थों में मिलावट का दोष सिद्ध होगा, उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही दोष सिद्ध होने पर आवश्यकता पड़ने पर मकान ध्वस्त करने जैसी कार्यवाही भी की जाएगी। उन्होंने उपस्थित समिति सदस्यों से भी सहयोग की अपील कर कहा कि अगर आपके संज्ञान में या आपके आस पास खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वाले हैं तो उनकी सूचना अपर कलेक्टर को आवश्यक रूप से दें।

उन्होंने अपर कलेक्टर और सीएमओ भिण्ड को निर्देशित किया कि महानवमी पर दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने वाले जितने भी स्थान हैं वहां संपूर्ण व्यवस्था के प्रबंध किए जाएं। जितनी भी छोटी प्रतिमाएं हैं उन्हें एक स्थान पर एकत्रित कर सम्मान के साथ विसर्जित किया जाएगा। बड़ी मूर्तियों का क्रेन, पोकलेन या अन्य संसाधनों की मदद से सम्मान के साथ विसर्जित करने की व्यवस्था की जाए। पूर्व की घटनाओं को देखते हुए लोगों की सुरक्षा हेतु प्रशासन का प्रयास रहेगा कि लोग दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन करने तालाब या नदी के अंदर न जाएं।
विसर्जन स्थलों पर एसडीईआरएफ, गोताखोर, होमगार्ड, चौकीदारों के अलावा स्थानीय प्रशासनिक टीम को भी लगाया जाएगा। लोगों से भी अपील है कि चिन्हित स्थानों के अलावा अन्य किसी जगह पर विसर्जन नहीं किया जाए।

पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा ने कहा कि दुर्गा प्रतिमा विसर्जन और अन्य सुरक्षा संबंधी विषयों पर आज जो चर्चा हुई है, उस पर गंभीरता से प्लानिंग करेंगे। आगामी त्यौहार के लिए पटाखों की दुकानें लगाई जा रही हैं। बिना परमिशन के और गलियों में कोई भी छोटी-छोटी पटाखों की दुकान नहीं लगाए। अगर आप लोगों के संज्ञान में कहीं ऐसी दुकान लग रही हैं तो इसकी सूचना जरूर दें। एक स्थान निर्धारित किया जाता है वहीं पर ही पटाखों की दुकानें लगाई जाएं ताकि सभी की सुरक्षा बनी रहे।
बैठक के दौरान उपस्थित सभी समिति सदस्यों ने भी आगामी त्योहारों के दृष्टिगत सुरक्षा व्यवस्था, यातायात व्यवस्था, स्वच्छता व्यवस्था सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर आवश्यक सुझाव दिए।

a

Related Articles

Back to top button