भिंड कलेक्टर ने 1000 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का 7 दिवस में निराकरण करने के दिए निर्देश

भिंड कलेक्टर ने 1000 दिवस से अधिक लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का 7 दिवस में निराकरण करने के दिए निर्देश
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने सीएम हेल्पलाइन की 1000 दिवस से अधिक समय से लंबित 285 शिकायतों का आगामी 7 दिवस में शत-प्रतिशत निराकरण कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि नागरिकों की शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम हेल्पलाइन 181 के माध्यम से प्राप्त शिकायतें संबंधित विभागों को भेजी जाती हैं और निराकरण के बाद शिकायतकर्ता को अवगत कराया जाता है।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने पुलिस अधीक्षक (गृह विभाग), मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत, समस्त अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), तहसीलदार/नायब तहसीलदार, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, डूडा, परिवहन, आदिम जाति/अनुसूचित जाति कल्याण, पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा समस्त जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे स्वयं शिकायतों की समीक्षा करें और कार्य केवल अधीनस्थ कर्मचारियों या ऑपरेटरों पर न छोड़ें। उन्होंने कहा कि टीएल बैठक एवं प्रतिदिन की ऑनलाइन समीक्षा बैठकों में प्रगति के परीक्षण के दौरान यह पाया गया कि कुछ विभागों में शिकायत निराकरण में अपेक्षित गति नहीं है। अतः संबंधित अधिकारी स्वयं जिम्मेदारी लेकर प्रत्येक लंबित प्रकरण का व्यक्तिगत स्तर पर परीक्षण करें।
*7 दिवस में पूर्ण विलोपन का लक्ष्य*
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि 1000 दिवस से अधिक समय से लंबित समस्त 285 शिकायतों का निराकरण आगामी 7 दिवस में कराया जाए। जिन प्रकरणों में नीतिगत कार्यवाही नियमानुसार पूर्ण हो चुकी है या हो रही है, वहां अविलंब ग्रेडिंग कर संतोषजनक रूप से बंद कराया जाए अथवा आवश्यकता होने पर स्पेशल क्लोज हेतु वरिष्ठ स्तर पर निरंतर समन्वय स्थापित किया जाए।
समीक्षा में यह भी कहा गया कि समस्त विभागों तथा लेवल-1 एवं लेवल-2 अधिकारियों की प्रगति ‘ए’ ग्रेड में रहे और न्यूनतम निराकरण का वेटेज 80 प्रतिशत रखा जाए। आगामी टीएल बैठक में प्रत्येक विभाग प्रमुख प्रगति विवरण के साथ उपस्थित रहेगा।




