No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का तत्परता से करें निराकरण – कलेक्टर

सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का तत्परता से करें निराकरण – कलेक्टर

*राहत संबंधी और छात्रवृत्ति वाले सभी प्रकार के मामलों में गंभीरता से कार्य कर करें निराकरण*

*लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों पर पेनल्टी लगाने के निर्देश*

*कलेक्टर की अध्यक्षता में समय सीमा बैठक का आयोजन*

भिंड कलेक्टर पवन कुमार जैन की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की सप्ताहित समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के विभागवार निराकरण, लोक सेवा गारंटी अधिनियम के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने सीएम हेल्पलाइन सहित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का तत्परता से निराकरण किया जाए। प्राप्त होने वाली एक-एक शिकायतों का विभागीय अधिकारी गहनता से परीक्षण करें तथा उनके निराकरण की कार्यवाही सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने फोर्स क्लोज होने वाली शिकायतों का गहनता से परीक्षण करने के उपरांत ही प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभाग प्रमुख ध्यान रखें कि कोई भी शिकायत अनअटेंडेंट न रहे। 50 दिन से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण समय सीमा में करने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया।

कलेक्टर पवन कुमार जैन ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित कर कहा कि राहत संबंधी और छात्रवृत्ति वाले सभी प्रकार के मामलों में गंभीरता से कार्य कर शीघ्र निराकरण करना सुनिश्चित करें, ऐसे मामलों में अकारण देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कलेक्टर ने लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों पर एक-एक हजार की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित किया कि अभियान चलाकर बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों को पकड़कर जुर्माना के साथ-साथ नंबर प्लेट लगवाने के बाद ही छोड़ा जाए। साथ ही ट्रैक्टर ट्रॉली में लाइट नहीं होने के कारण आगामी सर्दी के मौसम में कोहरा पड़ने पर दिखाई नहीं देने से होने वाली दुर्घटनाओं के दृष्टिगत मंडी में आने वाले सभी ट्रैक्टर-ट्रॉली में रेडियम लगवाया जाए ताकि दुर्घटनाएं न हों।

कलेक्टर पवन कुमार जैन ने 31 अक्टूबर को सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती तथा 1 नवंबर को मध्यप्रदेश के 71वें स्थापना दिवस के आयोजन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देशित किया कि सरदार बल्लभ भाई पटेल जयंती के अवसर पर प्रातः रन फॉर यूनिटी एवं मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम की समस्त तैयारियां समय पर पूर्ण की जाएं। सभी कार्यक्रम उत्साह और गरिमापूर्ण ढंग से आयोजित किए जाएं और इन कार्यक्रमों में सभी की सहभागिता रहे।

उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों के नाम चिन्हित किए जाएं, ताकि उनको स्थापना दिवस कार्यक्रम में सम्मानित किया जा सके। ऐसे उत्कृष्ट कर्मचारियों के नाम चिन्हित किए जाएं, जो मेहनत और लगनशीलता से कार्य करते हैं तथा जिन्हें पिछले एक या दो वर्षों से किसी कार्यक्रम में सम्मानित नहीं किया गया हो।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत भिण्ड वीरसिंह चौहान, डिप्टी कलेक्टर अखिलेश शर्मा सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

a

Related Articles

Back to top button