गाजे-बाजे के साथ निकली कलश यात्रा, जगह-जगह हुआ स्वागत

दबोह। क्षेत्र के ग्राम कुरथर में आयोजित होने जा रहे 108 कुण्डीय महायज्ञ की कलश यात्रा रविवार को धूमधाम और गाजे बाजे के साथ निकली।
कलश यात्रा के लिए जल दबोह क्षेत्र के सुप्रसिद्ध मन्दिर मां रणकौशला देवी की बावड़ी से मंत्रोच्चारण कर भरा गया। इसके बाद महिलाओं ने सिर पर कलश रखे और कथा स्थल कुरथर के लिए रवाना हुई। कलश यात्रा के दौरान भीषण गर्मी में धर्म प्रेमियों द्वारा जगह-जगह पानी के स्टाल लगाकर यात्रा में शामिल महिलाओं व पुरुषों को शीतल जल पिलाया गया। कलश यात्रा देर शाम कथा स्थल पर पहुंची। आपको बता दें कि ग्राम कुरथर के श्री कुंअर बाबा आश्रम पर श्रीश्री 1008 शिवदास त्यागी महाराज बाबड़ा सरकार कुरथर के मार्गदर्शन में 108 कुण्डीय विशाल नौ दिवसीय श्रीराम महायज्ञ 21 मई से शुरू हुआ है। इस महायज्ञ में सातों दिन तुलसी पीठ के उत्तराधिकारी आचार्य रामचंद्र दास जय महाराज के मुखारबिंद से श्रोताओं को कथा का रसपान कराया जाएगा। वहीं 29 मई को बागेश्वर सरकार के पीठाधीश्वर धीरेन्द्र शास्त्री के गुरुदेव जगतगुरु रामानंदाचार्य स्वामी रामभद्राचार्य महाराज महायज्ञ में पधारेंगे।
कोंच रोड पर हुआ कलश यात्रा का स्वागत
कोंच रोड स्तिथ व्यापारियों में कलश यात्रा को लेकर काफी खुशी देखने को मिली। जिसके चलते व्यापारियों ने भीषण गर्मी के चलते शीतल जल की व्यवस्था की। जिसमें दिनेश गुप्ता, अवधकिशोर गुप्ता, सुरेश गुप्ता, गिरजाशंकर गुप्ता, कल्लू विजपुरिया, विकास गुप्ता, अर्पित गुप्ता, प्रतीक गुप्ता, रमन नगरिया समेत कई लोग शामिल रहे।




