गोहद में आयोजित जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 295 आवेदन प्राप्त, 248 आवेदनों का मौके पर निराकरण

गोहद में आयोजित जन-विश्वास शिविर में कलेक्टर ने सुनीं लोगों की समस्याएं, 295 आवेदन प्राप्त, 248 आवेदनों का मौके पर निराकरण
*कलेक्टर ने 19 लाभार्थियों को वितरित किए प्रमाण पत्र*
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार संचालित जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत आज गोहद के महर्षि अरविंद महाविद्यालय गोहद परिसर में जनसंवाद एवं समाधान शिविर आयोजित किया गया। कलेक्टर भिण्ड पवन जैन एवं विधायक गोहद केशव देसाई ने शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिविर में स्वास्थ्य विभाग, लोकसेवा प्रबंधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा नगर पंचायत, राशन से संबंधित कुल 295 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 248 आवेदनों का त्वरित निराकरण किया गया।
कलेक्टर पवन कुमार जैन ने शिविर के दौरान मेधावी छात्र प्रोत्साहन योजना के 05 तथा लाड़ली लक्ष्मी योजना की 09, स्वामित्व योजना के 05, कुल 19 पात्र लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही 07 कुपोषित बच्चों की माताओं को सुपोषण बास्केट वितरित किए।इस दौरान सीईओ जिला पंचायत भिण्ड वीरसिंह चौहान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल, एसडीएम गोहद विकास केमोर सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर पवन जैन ने कहा कि आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए सभी विभागों के अधिकारी इस शिविर में उपस्थित रहते हैं, सभी लोगों से आग्रह है कि अपनी समस्याओं से हमें जरूर अवगत कराएं ताकि उनका निराकरण किया जा सके।
उन्होंने कहा कि जन विश्वास अभियान का अर्थ है जनता का सरकार और सरकारी व्यवस्थाओं के ऊपर विश्वास। आप लोगों को योजनाओं के लाभ के लिए ऑफिस के चक्कर न लगाना पड़ें, सभी अधिकारी आपके द्वार आकर योजनाओं का लाभ दें, आप सभी की समस्याओं का निराकरण करें, सरकार की यह मूल भावना इस अभियान के पीछे है।राजस्व, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग सहित विभिन्न विभागों के उपस्थित अधिकारियों को अपनी समस्याएं बताकर निराकरण कराएं और सभी विभाग अधिकारियों से भी अनुरोध है कि अपने-अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शासकीय योजनाओं का लाभ लोगों को दें।कलेक्टर पवन कुमार जैन ने शिविर में उपस्थित लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति योजना और प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना के लाभ के संबंध में विस्तार से जानकारी दी और सभी से इन योजनाओं में बीमा कराने का आग्रह किया ताकि दुर्घटना होने पर लाभ प्राप्त हो सके।
उन्होंने उपस्थित सभी से आग्रह किया कि फसल कटाई के बाद खेतों में पराली नहीं जलाएं, पराली जलाने से खेतों की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है, साथ ही प्रदूषण भी होता है। उन्होंने स्वामित्व योजना अंतर्गत आबादी भूमि के पट्टों की रजिस्ट्री कराने का समझाइश दी।




