मन को आनंद से भर देता है प्रतिभाओं का सम्मान : प्रो. अली
पौधे, शील्ड व प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

भिण्ड। प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, दूरदराज, छोटे-छोटे स्थानों पर निवासरत हो या बड़े शहरों में प्रतिभाशाली वह अपनी मंजिल पर पहुंच ही जाते हैं। यह बात शहर के बीटीआई रोड स्थित निजी संस्थान में हम फाउण्डेशन सिटी शाखा एवं विवेकानंद शाखा द्वारा मेधावी छात्र-छात्राओं के प्रतिभा सम्मान समारोह के दौरान बतौर मुख्य अतिथि प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष प्रो. इकबाल अली ने कही।
उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाने वाले सभी छात्र-छात्राएं हमेशा आगे बढ़ते रहेंगे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को विश्व पर्यावरण दिवस से संबंधित कई जानकारियां भी दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रांतीय संगठन मंत्री शैलेश सक्सेना ने कहा कि आज प्रतियोगिताओं का दौर है हर जगह बच्चों के अंक देखे जाते हैं। इसलिए सभी बच्चों को यह प्रयास करना चाहिए कि परीक्षा में अच्छे अंक आएं। उन्होंने कहा कि बच्चों का सम्मान से मनोबल और बढ़ता जा रहा है, साथ ही दूसरे बच्चों को इससे सीख मिलती है।
इस अवसर पर जिला महामंत्री विपुल सेठ ने कहा कि मेधावी बच्चे रचनात्मक एवं सकारात्मक कार्यों को तरजीह देकर विकास की गति को आगे बढ़ाने में सहयोग करे। शाखा अध्यक्ष अरविन्द सिंह भदौरिया ने कहा कि विश्व पर्यावरण दिवस से पूर्व संध्या पर बच्चों को बताया कि हम सभी लोगों को जागरुक होकर एक एक पौधा अवश्य लगाना होगा। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की प्रतिमा पर अतिथियों ने माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया। अंत में सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड, पौधा और प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन शिवम श्रीवास्तव और आभार योगेश शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर दोनों शाखाओं के अध्यक्ष योगेश शर्मा, सचिव शिवम श्रीवास्तव, देवू श्रीवास्तव, अजीत उपाध्याय आदि मौजूद रहे।
पौधा देकर किया सम्मान
हम फाउण्डेशन सिटी शाखा भिण्ड एवं विवेकानंद शाखा द्वारा आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली तनु कुशवाह कक्षा 10वीं, पांचवा स्थान जिले में सूर्या उपाध्यय कक्षा 12वीं और कक्षा दसवीं में मोनू बघेल ने पांचवा स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। इसी प्रकार सभी छात्र-छात्राओं को पौधा देखकर उन्हें सम्मानित किया गया।




