प्रियंका गांधी की ग्वालियर आमसभा में अटेर सहित भिण्ड से पहुंचेंगे हजारों कार्यकर्ता : हेमंत
प्रेसवार्ता में पूर्व विधायक कटारे ने भाजपा को बताया घोटालों की सरकार

भिण्ड। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की ग्वालियर में 21 जुलाई को आमसभा होने जा रही है। अटेर से पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने जगराम नगर स्थित कटारे कोठी पर स्व. सत्यदेव कटारे सभागार में प्रेस वार्ता के जरिए बताया कि अटेर सहित भिण्ड से भी हजारों की संख्या में कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
पूर्व विधायक हेमंत कटारे ने कहा कि प्रियंका गांधी की ग्वालियर में विशाल आमसभा के बाद भाजपा की उल्टी गिनती शुरू होगी। भिण्ड की जनता सडक, पानी, बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए आज भी परेशान है। उन्होंने भाजपा सरकार पर व्यापम एवं पटवारी भर्ती परीक्षा में घोटाले का आरोप भी लगाया। कटारे ने कहा कि भाजपा सरकार में अपने कार्यकाल में एक भी ऐसी प्रतियोगिता परीक्षा आयोजित नहीं की, जिसमें उन पर हेरा-फेरी के आरोप नही लगे हों। इससे स्पष्ट हो गया कि ये जनता की नहीं घोटालों और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि व्यापम घोटाला, पीएमटी घोटाला, डंपर घोटाला, पीडीएस घोटाला, नर्सिंग घोटाला, डीमेट घोटाला, सहित घोटालों की एक लम्बी फेरिस्त हैं।
कटारे ने कहा भिण्ड जिले में और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली की अघोषित कटौती हो रही है। जिले की बिजली व्यवस्था पूर्ण रूप से चरमरा गई है। डीपी बदलने के नाम पर लोगों से अवैध वसूली की जा रही है। मंहगाई और बेरोजगारी ने पूरे प्रदेश को बदहाल स्थिति में लाकर रख दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जनता का तो विकास नहीं हुआ, लेकिन भाजपा नेताओं और भ्रष्ट अधिकारियों का विकास हुआ है। कांग्रेस सरकार बनते ही इनकी जांच सुनिश्चित की जाएगी और उन पर कार्रवाई की जाऐगी। एक प्रश्न के जवाब पर कटारे ने कहा कि ग्वालियर-चंबल संभाग में भाजपा का सफाया होगा और भिण्ड की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर कांग्रेस की जीत होगी। ग्वालियर-चंबल संभाग में भाजपा को आगामी चुनावों में खाता खोलने के लिए भी संघर्स करना पडेगा और प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत से सरकार बनने जा रही है। प्रेस वार्ता में कांग्रेस प्रवक्ता डॉ. अनिल भारद्वाज, अटेर ब्लाक अध्यक्ष अरविन्द बघेल, चतुर सिंह नरवरिया, महेश जाटव, दीपू दुबे सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी मौजूद रहे।




