विटामिन ए पिलाकर दस्तक अभियान का हुआ शुभारम्भ, 22 जुलाई से 16 सितम्बर 2025 तक चलाया जायेगा अभियान।

विटामिन ए पिलाकर दस्तक अभियान का हुआ शुभारम्भ, 22 जुलाई से 16 सितम्बर 2025 तक चलाया जायेगा अभियान।
लगभग दो लाख ग्यारह हजार बच्चों का होगा परीक्षण।
कलेक्टर भिण्ड संजीव श्रीवास्तव द्वारा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत संचालित दस्तक अभियान का शुभारंभ जिला अस्पताल भिण्ड स्थित एन.आर.सी. सेंटर में किया गया, इस अवसर पर भाजपा जिला
अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. यादव, सिविल सर्जन सह अस्पताल अधीक्षक डॉ.आर.एन.राजोरिया एवं जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव भटनागर विशेष रूप से उपस्थित रहे।
दस्तक अभियान का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों में मीजल्स, डायरिया, न्यूमोनिया, एनीमिया, कुपोषण, टीबी तथा अन्य बचपन की जानलेवा बीमारियों की शीघ्र पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना है। इसके अतिरिक्त टीकाकरण की स्थिति, विटामिन-ए की खुराक, आयरन सिरप, ओर.आर.एस., जिंक वितरण और अभिभावकों को स्वास्थ्य शिक्षा देना भी प्रमुख घटक है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ.जे.एस. यादव ने बताया कि इस अभियान में लगभग दो लाख 11 हजार बच्चों का परीक्षण किया जायेगा, जिसके लिये जिले की समस्त 2452 आंगनवाडी केन्द्र पर मंगलवार व शुक्रवार को सत्रों का संचालन होगा, मॉप-अप दिवस में ड्यूलिस्ट अनुसार छूटे हुये बच्चों हेतु गृहभेंट की जायेगी एवं 5 वर्ष तक के बच्चों को 2 पैकेट ओ.आर.एस. व 14 जिंक की गोलियां उपलब्ध करायी जायेंगी। जिले में उक्त अभियान हेतु 196 कम्यूनिटी हेल्थ ऑफिसर (सी.एच.ओ.). 266 ए.एन.एम., 32 ब्लॉक सुपरवाईजर तथा जिले से 6 इन्टरनल मॉनिटर नियुक्त किये गये हैं।
जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. गौरव भटनागर ने बताया कि यह अभियान 22 जुलाई से 16 सितम्बर 2025 तक महिला एवं बाल विकास विभाग के सहयोग से चलाया जायेगा जिसके अन्तर्गत बाल एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, बाल्यकालीन बीमारियों की रोकथाम, 5 वर्ष तक के बच्चों को स्वास्थ्य एवं पोषण की सेवाऐं देने के उद्देश्य से दस्तक अभियान संचालित किया जायेगा।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने निर्देशित किया की समस्त सम्बंधित विभाग व स्वास्थ्य विभाग द्वारा उक्त अभियान की निरंतर मॉनिटरिंग की जाये तथा दस्तक अभियान के दौरान पाये गये गंभीर कुपोषित बच्चों को उपचार के लिए पोषण पुनर्वास केन्द्रों में भर्ती करवाया जाये।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री देवेन्द्र नरवरिया ने कार्यक्रम में दस्तक अभियान को बाल स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक सशक्त पहल बताया तथा जन सहभागिता से इस सफल बनाने का आव्हान किया।
*कलेक्टर ने चिकित्सालय परिसर का किया निरीक्षण*
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने जिला चिकित्सालय परिसर में वार्डों, रसोई घर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने रसोई घर निरीक्षण के दौरान मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता को परखा। निरीक्षण के दौरान भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई बेहतर पाई गई।
कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव ने निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय में कार्य कर रहे सभी कर्मचारियों को ड्रेस कोड में रहने के निर्देश दिए।




