उपार्जन की सारी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं – कलेक्टर।

उपार्जन की सारी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं – कलेक्टर।
*जिला उपार्जन समिति की बैठक संपन्न*
कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में जिला उपार्जन समिति की बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में आगामी गेहूं उपार्जन अभियान को सुचारू रूप से संचालित करने की तैयारियों की गहन समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने कहा कि गेहूं उपार्जन की सारी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जाएं, ताकि किसानों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। जिले भर में स्थापित सभी उपार्जन केंद्रों पर खरीदी के अनुमान के आधार पर पर्याप्त बारदान उपलब्ध कराने के आदेश दिए। केंद्रों पर सिलाई मशीन, धागा, टैग की पूर्ण व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। किसानों के लिए बैठने की उचित जगह, छाया और शुद्ध पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करने निर्देश दिए। इसके अलावा, हर केंद्र पर शासन द्वारा निर्धारित नाप के बैनर लगाने और उनमें पूरी जानकारी अंकित करने के निर्देश दिए। गेहूं के समुचित भंडारण और समय पर परिवहन की मजबूत व्यवस्था पर जोर दिया गया। कलेक्टर ने किसानों को पंजीकरण के लिए जागरूक करने पर विशेष बल दिया, ताकि वे बिना किसी झंझट के अपनी उपज बेच सकें। बैठक में अपर कलेक्टर के अलावा संबंधित विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।




