No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

“शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026’’ अंतर्गत निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित।

*‘‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026’’ अंतर्गत निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित*

मध्यप्रदेश के अन्य पिछडा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों/पुलिस/होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिये गुणवत्तापूर्ण आवासीय प्रशिक्षण के माध्यम से बेहतर अवसर की उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने हेतु पिछडा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा एक नवीन योजना “अन्य पिछडा वर्ग के युवाओं हेतु शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” तैयार की गई है। मध्यप्रदेश के अन्य पिछडा वर्ग के युवाओं में राष्ट्र प्रेम की भावना, अनुशासन एवं कर्तव्य बोध विकसित करते हुये प्रदेश के अन्य पिछडा वर्ग के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। जिसमें शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ सैद्धांतिक विषयों में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण पूर्णतः निःशुल्क एवं आवासीय है।
योजनांतर्गत भिण्ड जिले में पिछड़ा वर्ग के 100 बालक एवं 100 बालिकाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
प्रशिक्षण अवधि में चयनित पात्र पुरूष प्रशिक्षणार्थियों को राशि रूपये 1000/- प्रतिमाह तथा पात्र महिला प्रशिक्षणार्थियों को राशि रूपये 1100/- प्रतिमाह की दर से शिष्यवृत्ति भी उपलब्ध करायी जाएगी। यह आवासीय प्रशिक्षण है जिसकी कुल अवधि 45 दिवस निर्धारित है।
*योजना में सम्मिलित होने के लिये आवश्यक अर्हताएं*
शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण, आवेदक का मध्यप्रदेश का मूल निवासी होना अनिवार्य है, मध्यप्रदेश में अन्य पिछड़ा वर्ग के लिये घोषित अनुसूची में सम्मिलित अन्य पिछडा वर्ग का मध्यप्रदेश राज्य का सक्षम अधिकारी द्वारा जारी (नॉन क्रीमीलेयर) जाति प्रमाण-पत्र होना आवश्यक है। आयु-सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों/पुलिस/होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती हेतु निर्धारित आयु सीमा, शारीरिक माप-न्यूनतम ऊंचाई पुरूष 168 से.मी. एवं महिला 155 से.मी., आवेदक के पैरों के तलवे फ्लैट फुट (Flat Foot) श्रेणी में नहीं होना चाहिये, सावधान की मुद्रा में आवेदक के घुटने परस्पर नहीं मिलना चाहिये। अन्य शारीरिक मापदण्ड जैसे दृष्टि, जबडे, निरोगी होना एवं अन्य निर्धारित मापदण्ड संतोष जनक होना आवश्यक।
*प्रशिक्षण स्थल:-* पुरुष अभ्यर्थियों हेतु पिछडा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास, एस.ए.एफ. ग्राउण्ड के बगल से भिण्ड तथा महिला अभ्यर्थियों हेतु 120 सीटर आई.टी.आई. केम्पस, लहार रोड, भिण्ड।
आवेदन करने की अंतिम तिथि 11.05.2026 है तथा प्रशिक्षण दिनांक 12.05.2026 से विधिवत प्रारंभ होगा। आवेदन प्रारूप विभागीय वेबसाइड WWW.bcwelfare.mp.gov.in एवं कार्यालय कलेक्टर पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण, कलेक्ट्रेट परिसर भिण्ड से कार्यालयीन समय में प्राप्त किये जा सकते हैं।

a

Related Articles

Back to top button