अच्छे मन और प्रेरणा के साथ करें इस प्रशिक्षण को पूरा – कलेक्टर। आप लोगों को जो प्रशिक्षण मिलेगा यह एक बुनियाद है – पुलिस अधीक्षक।

अच्छे मन और प्रेरणा के साथ करें इस प्रशिक्षण को पूरा – कलेक्टर। आप लोगों को जो प्रशिक्षण मिलेगा यह एक बुनियाद है – पुलिस अधीक्षक।
शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 का जिला स्तर पर हुआ शुभारंभ।
मध्यप्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सैन्य बल एवं अन्य समकक्ष सुरक्षा बलों, पुलिस, होमगार्ड तथा निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा “शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026” संचालित की जा रही है। जिला स्तर पर शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 का शुभारम्भ कार्यक्रम कलेक्टर भिण्ड के मुख्य आतिथ्य में तथा पुलिस अधीक्षक भिण्ड एवं अपर कलेक्टर के विशिष्ट आतिथ्य में शास. आईटीआई परिसर भिण्ड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया।
कलेक्टर भिण्ड ने प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिस तरह हॉस्टल में माहौल होता है अनुशासन का, सीखने का उसी तरह आप इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में एक दूसरे से सीखते हुए एक अच्छे मन के साथ, एक प्रेरणा के साथ अपने इस प्रशिक्षण को पूरा करें। किसी प्रकार की कोई परेशानी हो तो हमें जरूर बताएं, हम पूरी कोशिश करेंगे कि आपको किसी प्रकार की कोई परेशानी न हो। हम सबको मिलकर इस कार्यक्रम को सफल बनाना है। उन्होंने कहा कि आप भी इस कार्यक्रम में सहभागी हैं और हम भी इस कार्यक्रम में सहभागी हैं और हमारे मिले-जुले प्रयास से यह कार्यक्रम अच्छा होगा और निश्चित ही भविष्य में आप सभी अच्छे-अच्छे पदों पर जाएंगे एवं सफलता को हासिल करेंगे।
पुलिस अधीक्षक भिण्ड ने प्रशिक्षणार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आप सभी से अपेक्षा है कि इस मौके का फायदा उठाएं और जो भी आप लोगों को प्रशिक्षण मिलेगा यह एक बुनियाद है। हो सकता है आपको सभी विषय बहुत डिटेल में नहीं पढ़ाया जा सके लेकिन आप लोग एक साथ पढ़ेंगे तो निश्चित रूप से आपस में संदेह निवारण और विचार-विमर्श बेहतर तरीके से कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि यह जो आवासीय योजना है, इससे आने जाने का आप लोगों का समय बर्बाद नहीं होगा, आपको फिजिकल और स्पोर्ट्स की ट्रेनिंग का इस बढ़िया कैंपस में मौका मिल रहा है तो मेरा यही सुझाव है कि आप लोग अनुशासन से रहें, फोकस से रहें, अन्य जो चीजें हैं दिमाग में उन सबको साइड करके ये जो 45 दिन का प्रशिक्षण है इसका पूरा सदुपयोग करें। निश्चित रूप से आप लोग इसमें कहीं न कहीं किसी एग्जाम में सफल होंगे और जब आप लोग सफल होंगे तो अपने परिवार, अपने गांव, पूरे जिला का नाम रोशन करेंगे।
अपर कलेक्टर ने कहा कि पिछड़ा वर्ग के छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य के लिए यह योजना शासन द्वारा शुरू की गई है। जिसमें प्रदेश के 20 जिलों का चयन किया गया है। यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि हमारे भिण्ड जिले का चयन किया गया है। प्रतिभागियों को जिला स्तर पर 45 दिनों का निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। आप लोगों से अनुरोध है कि जो भी ट्रेनर और शिक्षक आपको पढ़ाने-सिखाने आएं, जो भी जानकारी आपको दें उसे अच्छे से आत्मसात करें और अपने जीवन में उतारें।
कार्यक्रम के अंत में अतिथियों द्वारा उपस्थित प्रशिक्षणार्थियों को किताबों का वितरण किया गया।
*प्रशिक्षणार्थियों के ठहरने हेतु हॉस्टल का किया निरीक्षण*
कार्यक्रम के पश्चात कलेक्टर भिण्ड एवं पुलिस अधीक्षक भिण्ड ने शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना-2026 के अंतर्गत प्रशिक्षणार्थियों के ठहरने हेतु हॉस्टल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।




