सीईओ जिला पंचायत ने किया ग्रामीण कार्यों का सख्त निरीक्षण, अनुपस्थित सचिव को दिया नोटिस।

सीईओ जिला पंचायत ने किया ग्रामीण कार्यों का सख्त निरीक्षण, अनुपस्थित सचिव को दिया नोटिस।
*8 दिन में अमृत सरोवर कार्य पूर्ण करने के सरपंच-सचिव को निर्देश*
जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) ने शनिवार को जनपद पंचायत मेहगांव की ग्राम पंचायत बहुआ का निरीक्षण किया। यहां सीसी रोड निर्माण और जल गंगा संवर्धन कार्यों का जायजा लिया। पुराने कुओं-तालाबों की सफाई के सख्त निर्देश दिए। जन सहयोग से सीसी रोड की गुणवत्ता टेस्टिंग के लिए ईआरईएस को तत्काल निर्देशित किया। अनुपस्थित सचिव को एक दिन का वेतन काटने का नोटिस जारी कर अनुशासन सुनिश्चित किया।
इसके बाद जनपद पंचायत गोहद के ग्राम पंचायत खितौली पहुंचे। यहां 25-26 का अमृत सरोवर निर्माण देखा, जो अभी तक पूर्ण नहीं हुआ। सीईओ ने सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक और उपयंत्री को नोटिस थमाए। 8 दिनों में कार्य पूरा करने के कड़े निर्देश दिए। चेतावनी दी कि समयसीमा में काम न होने पर सरपंच के खिलाफ धारा 40 के तहत कार्रवाई होगी। जो भी निर्माण रुकवाएगा, उसके विरुद्ध शासकीय कार्य में बाधा डालने का प्रकरण दर्ज कराया जाएगा। पुराने अमृत सरोवर को शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज करने के आदेश भी दिए।
ग्रामीण विकास योजनाओं में गति लाने सीईओ लगातार सघन निरीक्षण कर रहे हैं। अमृत सरोवर, जल संवर्धन और सड़क निर्माण जैसे कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।




