बारिश से पूर्व कराएं सभी नाले-नालियों की साफ-सफाई – कलेक्टर।

बारिश से पूर्व कराएं सभी नाले-नालियों की साफ-सफाई – कलेक्टर।
*समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक संपन्न*
कलेक्टर भिण्ड की अध्यक्षता में समय सीमा पत्रों की साप्ताहिक समीक्षा बैठक कलेक्टर कार्यालय भिण्ड के सभागार में आयोजित की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर सहित अन्य विभागों के जिला अधिकारी तथा कई अधिकारी वर्चुअल रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन के लंबित आवेदनों की गहन समीक्षा करते हुए सभी विभागों के अधिकारियों को शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए विशेष ध्यान दें, ताकि जिला ए ग्रेड सूची में शामिल होकर बेहतर रैंकिंग प्राप्त कर सके। विभागवार लंबित शिकायतों की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवेदनों के निराकरण में अनावश्यक विलंब न किया जाए। साथ ही निराकृत प्रकरणों में संतुष्टि स्तर बेहतर रखने के लिए गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा कर कहा कि संबंधित अधिकारी सुनिश्चित करें कि जो पात्र हितग्राही हैं उन्हें योजना का लाभ दिया जाए। कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से छूटना नहीं चाहिए।
उन्होंने समग्र ईकेवाईसी की समीक्षा कर कहा कि छूटे हुए लोगों की समग्र आईडी बनाएं।
कलेक्टर ने 70 प्लस आयुष्मान कार्ड की समीक्षा कर शत प्रतिशत पूर्ण करने निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने कहा कि आयुष्मान एक अच्छी योजना है लोगों को जागरूक करें और पात्र हितग्राहियों के ज्यादा से ज्यादा कार्ड बनवाएं।
उन्होंने निर्देशित किया कि सेम बच्चों का पोषण ट्रेकर से वास्तविकता में चेक करें और संबंधित डॉक्टर से कॉर्डिनेट कर परीक्षण करें। एक टीम बनाकर घर-घर जाकर बच्चों को चेक करें। महिला एवं बाल विकास का मुख्य काम कुपोषण से संबंधित है। उन्होंने निर्देश दिए कि समूह यदि पोषण आहार सही नहीं दे रहे हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें ब्लैकलिस्ट करें।
कृषि कल्याण वर्ष अंतर्गत जो विभाग जुड़े हैं उनको दिए गए लक्ष्य के अनुसार लक्ष्यों को समय रहते पूरा करें।
ऐसे सभी विभाग जिनके अंतर्गत समितियां बनी हुई हैं उनकी समय-समय पर बैठक कराने निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सभी नगरीय निकाय सीएमओ को निर्देशित कर कहा कि बारिश से पहले नाले-नालियों की साफ-सफाई कराना सुनिश्चित करें। जिससे बारिश के दौरान कहीं भी जल भराव की स्थिति नहीं बने। सभी निर्माण विभाग बारिश के पूर्व सभी प्रगतिरत निर्माण कार्यों को पूरा करें। कोई भी ऐसा काम अधूरा न रहे जिसमें बारिश की वजह से नुकसान हो।
उन्होंने निर्देशित किया कि पीएम जनमन और धरती आभा योजना अंतर्गत 25 मई तक कैम्प आयोजित होने हैं, जिनमें सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ प्रदान करें।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना की प्रगति की समीक्षा कर 18 से 40 वर्ष के असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों के पंजीयन की स्थिति ठीक नहीं पाई जाने पर संबंधित अधिकारियों को श्रमिकों के पंजीयन की प्रगति बढ़ाने निर्देश दिए।
उन्होंने सीएम मॉनिट, सीएस मॉनिट, टीएल पत्र निराकरण की समीक्षा की एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिऐ।




