No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर 09 जून को जिलेभर में विशेष (PMSMA) शिविरों का आयोजन।

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने पर 09 जून को जिलेभर में विशेष (PMSMA) शिविरों का आयोजन।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन एवं स्वास्थ्य विभाग के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 09 जून 2026 को जिले के समस्त शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जे.एस. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसका उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध प्रसव पूर्व जांच (एएनसी) सेवाएं उपलब्ध कराना तथा उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की समय रहते पहचान एवं उपचार सुनिश्चित करना है। उन्होंने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ अवश्य प्राप्त करें।
सीएमएचओ डॉ. यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि 09 जून को प्रातः 9 बजे से सायं 5 बजे तक जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, शहरी स्वास्थ्य संस्थान एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। शिविरों में गर्भवती महिलाओं की निःशुल्क प्रसव पूर्व जांच, प्रसवोत्तर जांच, नवीन एवं छूटी हुई गर्भवतियों का पंजीयन, एमसीपी कार्ड वितरण तथा “उच्च जोखिम गर्भावस्था की पहचान एवं उपचार की व्यवस्था रहेगी”
उन्होंने बताया कि शिविरों में हीमोग्लोबिन, रक्तचाप, वजन, ब्लड ग्रुप, यूरिन जांच, मधुमेह जांच, एचआईवी, सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी सहित विभिन्न आवश्यक प्रयोगशाला जांचें की जाएंगी। आवश्यकता अनुसार सोनोग्राफी एवं अन्य विशेषज्ञ सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। गर्भवती महिलाओं को आयरन, कैल्शियम, फोलिक एसिड सहित आवश्यक दवाएं निःशुल्क प्रदान की जाएंगी तथा पोषण एवं सुरक्षित मातृत्व संबंधी परामर्श भी दिया जाएगा। आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सीएचओ एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के माध्यम से विशेष रूप से उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का अधिकतम मोबिलाइजेशन किया जा रहा है। शिविरों में पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। अभियान के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जिले में बैनर, पोस्टर, सोशल मीडिया अभियान, ग्राम स्तरीय जनजागरूकता कार्यक्रम, वीएचएसएनडी, जन आरोग्य समितियों, स्वयं सहायता समूहों एवं पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से विशेष गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। शिविरों में गर्भवती महिलाओं को लाने ले जाने हेतु 108 एम्बूलेंस वाहनों की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
डॉ. जे.एस. यादव, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला भिण्ड़ ने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं से आग्रह किया है कि वे 09 जून 2026 को अपने निकटतम स्वास्थ्य संस्थान अथवा आयुष्मान आरोग्य मंदिर में आयोजित विशेष प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान शिविर में पहुंचकर उपलब्ध निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाएं तथा सुरक्षित मातृत्व की दिशा में सहभागी बनें।

a

Related Articles

Back to top button