No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक समग्र जीवनशैली है – सांसद  संध्या राय।

योग केवल व्यायाम नहीं बल्कि एक समग्र जीवनशैली है – सांसद  संध्या राय।

*जिला मुख्यालय में आईटीआई परिसर में हुआ विशेष योग सत्र का आयोजन*

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय सांसद संध्या राय के मुख्य आतिथ्य में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) परिसर भिण्ड में भव्यता के साथ जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस दौरान क्षेत्रीय विधायक नरेन्द्र सिंह कुशवाह, भाजपा जिलाध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नरवरिया, कलेक्टर भिण्ड, पुलिस अधीक्षक भिण्ड, सीईओ जिला पंचायत भिण्ड, अपर कलेक्टर, एसडीएम भिण्ड सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी, गणमान्य नागरिकों ने सामूहिक योग कार्यक्रम में शामिल होकर सामूहिक रूप से आसन, प्राणायाम और ध्यान की यौगिक क्रियाओं में भाग लिया।

क्षेत्रीय सांसद संध्या राय ने सभी योग साधकों एवं उपस्थित जनों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग हमारे जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है। योग केवल व्यायाम नहीं है, यह एक समग्र जीवनशैली है। नियमित योगाभ्यास से शारीरिक लचीलापन, पाचन तंत्र का सुधार, तनाव में कमी, और नींद की गुणवत्ता बढ़ती है। प्राणायाम और ध्यान से एकाग्रता व स्मरण शक्ति में वृद्धि होती है।
उन्होंने कहा कि भारत ने विश्व को योग का अमूल्य उपहार दिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस घोषित किया, जिसका समर्थन 177 देशों ने किया। आज योग सीमाओं, संस्कृतियों और भाषाओं को पार कर एक वैश्विक अभियान बन गया है।
आज हम सभी को संकल्प लेना चाहिए कि योग को केवल एक दिन के आयोजन न समझें, बल्कि इसे रोजमर्रा के जीवन में आत्मसात करें। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को योग से जोड़ते हुए भारत की इस दिव्य परंपरा को विश्व में फैलाएँ।

कलेक्टर भिण्ड ने कहा कि योग को अनिवार्य रूप से अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक संतुलन और आत्मिक शांति का स्रोत है। उन्होंने कहा कि नियमित योग से जीवनशैली संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है और व्यक्ति में सहनशीलता, एकाग्रता तथा अनुशासन आता है।
सामूहिक योग कार्यक्रम की शुरूआत प्रार्थना से की गई तत्पश्चात योग प्रशिक्षकों ने उपस्थित लोगों को चालन क्रियायें, योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। प्रत्येक आसन के साथ प्रशिक्षकों ने उसके शारीरिक और मानसिक लाभों की जानकारी भी दी।
जिला स्तरीय कार्यक्रम में बड़ी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का सीधा प्रसारण भी हुआ।
जिले भर की विभिन्न शासकीय संस्थाओं में भी सामूहिक योग के कार्यक्रम हुए।

a

Related Articles

Back to top button