No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरेंराज्य

समाजवादी नेता एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. लक्ष्मी नारायण शर्मा की 33वीं पुण्यतिथि आज।

समाजवादी नेता एवं स्वतंत्रता संग्राम सेनानी पं. लक्ष्मी नारायण शर्मा की 33वीं पुण्यतिथि आज।

भिण्ड, 4 जुलाई। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रखर समाजवादी नेता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के सजग प्रहरी स्वर्गीय पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा की 33वीं पुण्यतिथि रविवार 5 जुलाई 2026 को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन परशुराम छात्रावास, जनपद पंचायत के सामने, बायपास रोड, भिण्ड में रखा गया है। कार्यक्रम में उनके परिजन, समाजसेवी, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, समाजवादी विचारधारा से जुड़े कार्यकर्ता तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होकर पंडित शर्मा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे तथा उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करेंगे। वर्ष 1918 में भिण्ड जिले के ग्राम अतरसूमा में जन्मे पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा ने वर्ष 1942 के भारत छोड़ो आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। उन्होंने भूमिगत रहकर चंबल अंचल एवं तत्कालीन यूनाइटेड प्रोविन्स क्षेत्र में स्वतंत्रता आंदोलन को गति देने के साथ हजारों युवाओं को देश की आजादी के लिए प्रेरित किया। उनका नाम भिण्ड जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी रजिस्टर में क्रमांक-73 पर दर्ज है। वर्ष 1992 में तत्कालीन केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री अर्जुन सिंह ने उन्हें स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया था। स्वतंत्रता के बाद भी पंडित शर्मा जनहित, किसानों के अधिकारों और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर सक्रिय रहे। आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की रक्षा के लिए उन्हें मीसा के तहत गिरफ्तार कर 19 माह तक सेंट्रल जेल, ग्वालियर में निरुद्ध रखा गया। समाजवादी आंदोलन में उनके डॉ. राम मनोहर लोहिया, जॉर्ज फर्नांडिस और राज नारायण सहित अनेक राष्ट्रीय नेताओं से घनिष्ठ संबंध रहे। सामाजिक जीवन में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वे कृषि उपज मंडी समिति भिण्ड के उपाध्यक्ष, सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के जनप्रतिनिधि तथा ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष रहे। परशुराम छात्रावास के निर्माण में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने सभी सामाजिक, राजनीतिक एवं प्रबुद्ध नागरिकों से श्रद्धांजलि कार्यक्रम में उपस्थित होकर स्वर्गीय पंडित लक्ष्मी नारायण शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।

a

Related Articles

Back to top button