थाना देहात भिण्ड द्वारा बस स्टैण्ड पर चलाया गया नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान।

थाना देहात भिण्ड द्वारा बस स्टैण्ड पर चलाया गया नशामुक्ति जनजागरूकता अभियान।
पुलिस अधीक्षक भिण्ड सूरज कुमार वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक निरंजन सिंह राजपूत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी देहात निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय, भोपाल द्वारा संचालित “नशे से दूरी है जरूरी” नशामुक्ति अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 19.07.2026 को बस स्टैण्ड, भिण्ड पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया । पुलिस मुख्यालय, भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में दिनांक 15.07.2026 से 30.07.2026 तक नशामुक्ति अभियान संचालित किया जा रहा है । अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज, विशेषकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना, नशे की रोकथाम हेतु जनसहभागिता को बढ़ावा देना तथा स्वस्थ, सुरक्षित एवं नशामुक्त समाज का निर्माण करना है । कार्यक्रम के दौरान बस स्टैण्ड पर उपस्थित बड़ी संख्या में आम नागरिकों, यात्रियों एवं युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई । उप निरीक्षक विजय शिवहरे ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को गंभीर रूप से प्रभावित करता है । इसके साथ ही यह परिवार की खुशहाली, सामाजिक समरसता तथा राष्ट्र के विकास में भी बाधक बनता है । उन्होंने बताया कि नशे की प्रवृत्ति से अपराध, सड़क दुर्घटनाएँ, घरेलू हिंसा, आर्थिक संकट तथा सामाजिक विघटन जैसी अनेक समस्याएँ उत्पन्न होती हैं । कार्यक्रम के दौरान नागरिकों से अपील की गई कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों एवं नशे से दूर रहें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें । युवाओं से विशेष आग्रह किया गया कि वे खेल, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य सकारात्मक गतिविधियों को अपनाकर अपने जीवन को सफल एवं उद्देश्यपूर्ण बनाएं तथा किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थों के सेवन से दूर रहें ।
कार्यक्रम में निरीक्षक शिवप्रताप सिंह राजावत, उप निरीक्षक विजय शिवहरे, प्रधान आरक्षक गुरुदास सोही तथा आरक्षक अजीत सिकरवार, फिरोज खान, अवधेश चौहान एवं पवन पाण्डेय उपस्थित रहे ।




