खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई निरंतर जारी,विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर लिए नमूने, 390 किग्रा. घी जब्त किया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की छापामार कार्रवाई निरंतर जारी,विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई कर लिए नमूने, 390 किग्रा. घी जब्त किया।
कार्यालय आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन मध्य प्रदेश के आदेश अनुसार जिले में दूध एवं दुग्ध उत्पाद में मिलावट के रोकथाम के उद्देश्य से कलेक्टर भिण्ड के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन भिण्ड द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा प्रशासन लगातार निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्यवाही कर रहा है, इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा अधिकारी किरण सेंगर द्वारा भिण्ड में स्थित खाद्य विक्रेताओं पर कार्रवाई की गई।
जिसमें विनोद डेयरी गौरी रोड भिण्ड पर पहुंचकर घी की जांच केमिकल से की गई। घी में मिलावट की शंका होने पर घी के 2 नमूने लिए गए। मौके पर पाए गए लगभग 390 किलोग्राम घी, जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 2.73 लाख रुपये थी, को जब्त किया गया।
सोनम प्रोविजन स्टोर गौरी रोड भिण्ड से चना दाल का नमूना लिया गया। दुकान में अनियमितताएँ पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 की धारा 32 के अंतर्गत नोटिस जारी किया गया।
साथ ही खाद्य सुरक्षा अधिकारी रेखा सोनी द्वारा मेहगांव में कार्रवाई की गई। दुग्ध विक्रेता राय सिंह नरवरिया, रामदास कुशवाह, राजीव गोस्वामी एवं ब्रह्मा सिंह परिहार के वाहनों से दूध के नमूने लिए गए। तत्पश्चात सांची के चिलिंग प्लांट पर पहुंचकर बारह दुग्ध समितियों से दूध के नमूने लिए गए। इसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारी ग्राम गढ़ी, तहसील मेहगांव स्थित यश डेयरी पर पहुंची, जहां से घी के दो नमूने संग्रहित किए गए।
सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल को मानक स्तरों की जांच हेतु भेजा जाएगा। इनकी रिपोर्ट प्राप्त होने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के अंतर्गत नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।




