No Slide Found In Slider.
ताजा ख़बरें

अग्रवाल समाज को संगठित होकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ानी होगी : कैलाश मित्तल।

अग्रवाल समाज को संगठित होकर राजनीतिक भागीदारी बढ़ानी होगी : कैलाश मित्तल।
ओमप्रकाश अग्रवाल ‘बाबूजी’ बने मप्र अग्रवाल महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष, भिंड-दतिया संसदीय क्षेत्र का मिला प्रभार।

भिंड। मध्य प्रदेश अग्रवाल महासभा द्वारा शहर के हनुमान बजरिया स्थित अग्रवाल समाज धर्मशाला में संगोष्ठी एवं संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महासभा के प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मित्तल उपस्थित रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में नवनियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल ‘बाबूजी’ एवं के.के. गुप्ता मंचासीन रहे। कार्यक्रम में अग्रवाल समाज के बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन एवं समाजबंधुओं ने सहभागिता की।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने कहा कि अग्रवाल समाज सेवा, सहयोग एवं जनकल्याण के कार्यों में हमेशा अग्रणी रहा है। गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों की सहायता से लेकर सामाजिक दायित्वों के निर्वहन तक समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके बावजूद समाज को राजनीति में अपेक्षित प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि सरकारों के गठन में समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है, इसलिए अब समय आ गया है कि समाज पूरी मजबूती के साथ एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करे।

उन्होंने सभी अग्रवाल परिवारों से मध्य प्रदेश अग्रवाल महासभा की सदस्यता ग्रहण करने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक परिवार से पति-पत्नी दोनों सदस्य बनें, ताकि संगठन और अधिक मजबूत हो तथा आने वाली पीढ़ी को भी सशक्त नेतृत्व मिल सके।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि समाजसेवा, सरल स्वभाव, निष्ठा, ईमानदारी एवं संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए ओमप्रकाश अग्रवाल ‘बाबूजी’ को मध्य प्रदेश अग्रवाल महासभा का प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया जाता है। साथ ही उन्हें भिंड-दतिया संसदीय क्षेत्र का प्रभारी बनाकर संगठन विस्तार एवं सदस्यता अभियान की जिम्मेदारी भी सौंपी गई।

इस अवसर पर के.के. गुप्ता के संगठनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें भिंड जिला अध्यक्ष तथा गिर्राज किशोर अग्रवाल (शेरू) को जिला प्रभारी नियुक्त किया गया। इसके अलावा संगठन के विस्तार हेतु अन्य समाजजनों को भी विभिन्न दायित्व प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के समापन पर प्रदेश अध्यक्ष कैलाश मित्तल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों का शॉल, सम्मान-पट्टिका एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया। वहीं ओमप्रकाश अग्रवाल ‘बाबूजी’ ने प्रदेश अध्यक्ष का शॉल, श्रीफल एवं भगवान महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा भेंट कर अभिनंदन किया।

कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन शैलेंद्र अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर धर्मेंद्र अग्रवाल, भरत बंसल, अनूप अग्रवाल, सौरव अग्रवाल, गौरव अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, संजय अग्रवाल, गिर्राज अग्रवाल सहित अग्रवाल समाज के अनेक गणमान्य नागरिक एवं समाजबंधु उपस्थित रहे।

a

Related Articles

Back to top button