खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापामार कार्रवाई, महुआ की गुली की मिलावट की शिकायत पर 4.5 टन सरसों का तेल जब्त।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने की छापामार कार्रवाई, महुआ की गुली की मिलावट की शिकायत पर 4.5 टन सरसों का तेल जब्त।
कलेक्टर भिण्ड के निर्देशन में एवं एसडीएम गोहद विकास कैमोर के नेतृत्व में आज मौ क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल द्वारा बड़ी कार्यवाही की गई।
काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि कुछ तेल कारोबारी अवैध रूप से महुआ की गुली मिलाकर सरसों का तेल बना रहे हैं। इसी शिकायत के आधार पर प्रशासन की टीम ने प्रो. पवन कुमार अग्रवाल द्वारा तारोली रोड़ वार्ड नंबर 14 में संचालित पवन इंडस्ट्रीज पर छापामार कार्यवाही की।
उक्त कार्यवाही खाद्य सुरक्षा अधिकारी रीना बंसल द्वारा की गई। कार्यवाही के दौरान क्षेत्र के तहसीलदार, पटवारी, कोतवाल एवं पुलिस बल भी साथ में मौजूद रहे।
जांच में पाया गया कि तेल कारोबारी प्रतिष्ठान में बिना खाद्य लाइसेंस के अवैध रूप से तेल का कारोबार चला रहा था। छापामार कार्रवाई के दौरान तेल कारोबारी ने बहुत समय तक शटर नहीं खोला, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने शटर खुलवाकर जांच की। जांच में 4.5 टन सरसों का तेल बरामद हुआ जिसकी अनुमानित कीमत लगभग 7 लाख रुपये है। मौके से सरसों के तेल के नमूने जांच हेतु एकत्रित किए गए हैं। उक्त नमूने जांच के लिए भोपाल भेजे जाएंगे।
प्रशासन द्वारा जब्त माल को सीज कर दिया गया है तथा नियमानुसार अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।




